उदयपुर के सबसे व्यस्ततम और रिहायशी इलाकों में शुमार हाथीपोल चौराहे पर बुधवार देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बेखौफ बाइक सवार बदमाशों ने खुलेआम फायरिंग और चाकूबाजी की वारदात को अंजाम दिया. इस दुस्साहसिक हमले में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें से एक को गोली लगी है. शहर के बीचों-बीच हुई इस वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. वारदात को अंजाम देकर सभी बदमाश मौके से फरार हो गए.
अरवाना मॉल के बाहर बैठे युवकों पर ताबड़तोड़ हमला
मिली जानकारी के अनुसार, घटना देर रात करीब 11 बजे की है। पीपली चौक स्थित अरवाना मॉल के बाहर तीन युवक बैठे हुए थे. इसी दौरान तीन बाइकों पर सवार होकर आए 6 नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया. बदमाशों ने आते ही युवकों पर ताबड़तोड़ तीन राउंड फायर किए और साथ लाए धारदार चाकू से हमला बोल दिया. हमले में सलमान नामक युवक की पीठ में गोली लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा, जबकि उसका साथी मोहसिन चाकू लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया. वहीं, मौके पर मौजूद तीसरे युवक नाजिम ने मुस्तैदी दिखाते हुए वहां से भागकर अपनी जान बचाई.
इमरान कुंजड़ा गैंग पर शक, आपसी रंजिश का मामला
फायरिंग की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा. सूचना मिलते ही हाथीपोल थाना पुलिस दल-बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है. पुलिस की शुरुआती जांच में यह पूरा मामला पुरानी आपसी रंजिश से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है. सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को इस खूनी वारदात में शहर के कुख्यात बदमाश इमरान कुंजड़ा गैंग के गुर्गों के शामिल होने के पुख्ता संकेत मिले हैं.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
हाथीपोल थाना पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के क्षेत्रों की नाकेबंदी करवा दी है. पुलिस टीम मॉल और चौराहे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान कर उनकी लोकेशन का पता लगाया जा सके. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें बनाकर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है.

