Headlines

डूंगरपुर: हाउसिंग बोर्ड में अधेड़ ने की आत्महत्या, दामाद से चल रहा था पत्नी के गहनों और मकान का विवाद

डूंगरपुर के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. यहाँ पारिवारिक विवाद से परेशान होकर एक अधेड़ व्यक्ति ने अपने ही घर में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली. सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है.

क्या है पूरा मामला?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान तुलसीराम सेवक के रूप में हुई है. पुलिस जांच में सामने आया है कि तुलसीराम का उनके दामाद हितेश शर्मा और महेश शर्मा के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था. यह पूरा विवाद तुलसीराम की दिवंगत पत्नी के गहनों (ज्वेलरी) और घर के कागजात के मालिकाना हक को लेकर था.

विवाद के बाद बेटा चला गया था मामा के घर

इसी पारिवारिक कलह के चलते बीती 19 मई को तुलसीराम के बेटे हिमांश और उनके जीजा के बीच तीखी कहासुनी हो गई थी. बात इतनी बढ़ी कि दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया, जिसमें हिमांश घायल हो गए. इस घटना से परेशान और आहत होकर हिमांश अपने मामा गोपाल सेवक के घर चले गए थे। इसके बाद तुलसीराम घर पर बिल्कुल अकेले थे.

बेटा घर लौटा तो अंदर से बंद था दरवाजा

अगले दिन शाम करीब 5 बजे जब हिमांश वापस अपने घर लौटे, तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला और सीढ़ियों वाले रास्ते पर ताला लटका हुआ था. काफी आवाज देने पर भी जब अंदर से कोई हलचल नहीं हुई, तो हिमांश को किसी अनहोनी की आशंका हुई. उन्होंने बिना समय गंवाए तुरंत कोतवाली थाना पुलिस को इसकी सूचना दी.

पुलिस ने दरवाजा तोड़ा, पंखे से लटका मिला शव

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस की मौजूदगी में घर का दरवाजा तोड़ा गया. जैसे ही परिजन और पुलिस अंदर दाखिल हुए, वहां का नजारा देख सबके होश उड़ गए. तुलसीराम सेवक कमरे में पंखे के सहारे फंदे से लटके हुए थे. उन्हें तुरंत फंदे से नीचे उतारकर जिला अस्पताल ले जाया गया

पुलिस कर रही है मामले की जांच

मृतक के बेटे हिमांश ने कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में उन्होंने पिता की मौत के लिए जिम्मेदार कारणों और पारिवारिक विवाद की निष्पक्ष जांच की मांग की है. पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे मॉर्च्युरी में रखवा दिया है. कोतवाली पुलिस मामले के हर पहलू और पारिवारिक विवाद की बारीकी से जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *