उदयपुर जिले के नाई थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नेशनल हाईवे-58 ई पर स्थित खोखरिया घाट (खेरिया घाट) में एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया. हरिद्वार जा रही श्रद्धालुओं से भरी एक स्लीपर कोच बस के ब्रेक अचानक फेल हो गए. इस आपातकालीन स्थिति में चालक ने अद्भुत सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए बस को गहरी खाई में जाने के बजाय पहाड़ी की तरफ मोड़ दिया. पहाड़ी से टकराकर बस वहीं रुक गई, जिससे बस में सवार दर्जनों यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई.
धार्मिक यात्रा पर निकले थे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार, झाड़ोल और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से श्रद्धालुओं का एक दल स्लीपर कोच बस में सवार होकर हरिद्वार की धार्मिक यात्रा पर निकला था. जैसे ही बस खोखरिया घाट की खतरनाक उतराई से गुजर रही थी, अचानक उसके ब्रेक फेल हो गए. ढलान पर बस के अनियंत्रित होते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और एक बड़े हादसे की आशंका पैदा हो गई.
चालक की सूझबूझ से बची जान
पहाड़ी मार्ग पर रफ्तार पकड़ती बस को देखकर चालक ने आपा नहीं खोया. उसने तत्काल निर्णय लेते हुए बस को सड़क किनारे पहाड़ी की चट्टान से टकरा दिया. टक्कर के बाद बस वहीं रुक गई. यदि चालक समय पर यह कदम नहीं उठाता, तो बस अनियंत्रित होकर घाटी में पलट सकती थी, जिससे भारी जनहानि हो सकती थी.
मामूली चोटें आईं, सभी सुरक्षित
इस दुर्घटना में बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला. घायलों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया. हादसे के बाद सभी यात्रियों और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली है और बस चालक की जमकर सराहना की जा रही है. पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारू करवाया.

