उदयपुर जिले की पाटिया थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (DST) ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर करीब 13 लाख रुपये मूल्य का अवैध शराब का जखीरा और दो कारें जब्त की हैं. इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है, जबकि दो अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए.
पहली कार्रवाई: मकान और कार से भारी मात्रा में शराब बरामद
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस टीम ने पहली कार्रवाई गुड़ा गांव में की. यहाँ पुलिस ने एक संदिग्ध मकान और वहाँ खड़ी मारुति सुजुकी स्विफ्ट कार की तलाशी ली. तलाशी के दौरान पुलिस को 18 कार्टन अंग्रेजी शराब और 54 कार्टन बीयर बरामद हुई. पुलिस ने मौके से 23 वर्षीय आरोपी तरुण कुमार को गिरफ्तार कर लिया है.
दूसरी कार्रवाई: पुलिस को देख जंगल में भागे तस्कर
वहीं, दूसरी कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने एक बिना नंबर की स्विफ्ट कार को रुकवाया. पुलिस को देखकर कार चालक और उसका साथी वाहन छोड़कर पास के घने जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे. पुलिस ने जब कार की तलाशी ली, तो उसमें से करीब 5 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद हुई. पुलिस ने कार और शराब को अपने कब्जे में ले लिया है.
कुल 13 लाख का माल जब्त, तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, दोनों कार्रवाइयों में कुल 77 कार्टन शराब और बीयर बरामद की गई है, जिसकी बाजार कीमत करीब 5 लाख रुपये है. इसके साथ ही जब्त किए गए दोनों वाहनों की कीमत लगभग 8 लाख रुपये आंकी गई है. पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत अलग-अलग मामले दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

