झीलों की नगरी उदयपुर में आज हनुमान जन्मोत्सव का पर्व अगाध श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है. शहर के तमाम हनुमान मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा हुआ है. इस पावन अवसर पर मंदिरों में विशेष सजावट और बालाजी का मनमोहक श्रृंगार किया गया है. इसी कड़ी में, उदयपुर के बदनोर की हवेली स्थित मंशापूर्ण हनुमान मंदिर में एक अनूठा और भव्य आयोजन आकर्षण का केंद्र बना रहा.
1111 फीट लंबी मेवाड़ी शाही पाग
मंशापूर्ण हनुमान जी को आज 1111 फीट लंबी शाही मेवाड़ी पाग धारण कराई गई. इस विशाल और कलात्मक पाग को अर्पित करने से पहले शहर के प्रमुख मार्गों से एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई. मेवाड़ी संस्कृति और भक्ति के संगम वाली इस पाग को देखने के लिए सड़क के दोनों ओर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी.
शहर के मुख्य मार्गों से गुजरी शोभायात्रा

शाही पाग की यह शोभायात्रा रावजी का हाटा स्थित मीठा राम जी मंदिर से गाजे-बाजे के साथ शुरू हुई. शोभायात्रा काला जी-गोरा जी, रंग निवास, भट्टियानी चौहट्टा, जगदीश चौक और घंटाघर जैसे ऐतिहासिक और व्यस्त इलाकों से होते हुए मंशापूर्ण हनुमान मंदिर पहुंची. पूरे रास्ते ‘जय श्री राम’ और ‘वीर हनुमान’ के जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा.
भक्तों का उमड़ा सैलाब, शाम को होगा अन्नकूट
जैसे ही शोभायात्रा मंदिर पहुंची, पुजारियों और भक्तों ने मिलकर बालाजी को यह विशाल पाग धारण कराई. इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने के लिए सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु मंदिर प्रांगण में मौजूद रहे. मंदिर प्रबंधन के अनुसार, हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में शाम को भव्य अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों भक्त प्रसाद ग्रहण करेंगे.

