बांसवाड़ा जिले के दानपुर थाना क्षेत्र के कुंडल गांव में बुधवार देर रात एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया. एक ही परिवार के तीन सदस्य जब बाइक पर सवार होकर जा रहे थे, तभी उनकी बाइक अनियंत्रित होकर एक बरसाती नाले में जा गिरी. इस भीषण हादसे में 14 वर्षीय एक नाबालिग की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं.
आधी रात को हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा बुधवार रात करीब 12:30 बजे कुंडल-मकनपुरा रोड पर हुआ. कुंडल निवासी मुकेश (14), बंसी और कृष्णा एक ही बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहे थे. कुंडल गांव के पास स्थित पुलिया के समीप अचानक तेज रफ्तार बाइक का संतुलन बिगड़ गया. अंधेरा होने के कारण चालक बाइक पर नियंत्रण नहीं रख पाया और बाइक सीधे गहरे बरसाती नाले में जा गिरी.
चीख-पुकार और अस्पताल में मौत
हादसे के बाद सुनसान सड़क पर चीख-पुकार मच गई. आसपास के लोगों और राहगीरों ने तुरंत सक्रियता दिखाई और निजी वाहन की मदद से तीनों घायलों को लहूलुहान हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में उपचार के दौरान मुकेश पुत्र कालूराम (14 वर्ष) ने दम तोड़ दिया. वहीं, हादसे में घायल कृष्णा और बंसी की स्थिति अत्यंत नाजुक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर किया गया है.
एक ही परिवार के थे तीनों सदस्य
हादसे की सूचना मिलते ही दानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. हेड कांस्टेबल कृष्णपाल सिंह ने बताया कि तीनों युवक एक ही परिवार के सदस्य थे, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. गुरुवार को अस्पताल मोर्चरी में पोस्टमार्टम के बाद मुकेश का शव परिजनों को सौंप दिया गया.
पुलिस की अपील: प्रशासन ने अपील की है कि रात के समय दुपहिया वाहनों का प्रयोग करते समय गति सीमा का ध्यान रखें और हेलमेट का अनिवार्य रूप से पालन करें, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके.

