Headlines

उदयपुर: मेवाड़ में शोक की लहर, प्रसिद्ध भजन गायक धनराज जोशी की सड़क हादसे में मौत; कार्यक्रम से लौटते समय पलटी कार

उदयपुर: मेवाड़ और मारवाड़ क्षेत्र के सुप्रसिद्ध भजन गायक धनराज जोशी का आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में निधन हो गया. अपनी मधुर आवाज और अनूठी कॉमेडी शैली से लाखों लोगों के दिलों पर राज करने वाले जोशी एक भजन संध्या से वापस लौट रहे थे, तभी नेशनल हाईवे-27 पर उनकी कार अनियंत्रित होकर पलट गई. इस खबर के बाद मेवाड़ के संगीत जगत और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई है.

भजन संध्या से घर लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, धनराज जोशी हल्दीघाटी के सैमन गांव में आयोजित एक भजन संध्या में शामिल होने गए थे. गुरुवार रात कार्यक्रम संपन्न होने के बाद वे अपने बेटे, साथियों और ड्राइवर के साथ वापस अपने गांव बड़वाई (चित्तौड़गढ़) के लिए रवाना हुए थे. रास्ते में उनके बेटे और अन्य साथियों को उदयपुर में कुछ काम था, जिसके चलते वे शहर में ही कार से उतर गए. इसके बाद जोशी अपने ड्राइवर राजेंद्र सोनेरी के साथ आगे बढ़े.

डिवाइडर पर चढ़कर पलटी कार

डबोक थानाधिकारी गोपाल नाथ ने बताया कि हादसा शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे डबोक थाना क्षेत्र में दरोली गांव और एयरपोर्ट के बीच हुआ. यहाँ नेशनल हाईवे-27 पर अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची डबोक पुलिस ने धनराज जोशी और ड्राइवर राजेंद्र को तत्काल अस्पताल पहुंचाया. जहाँ डॉक्टरों ने जांच के बाद भजन गायक धनराज जोशी को मृत घोषित कर दिया. वहीं, ड्राइवर राजेंद्र सोनेरी का इलाज जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है.

भजन और कॉमेडी के अनूठे संगम थे जोशी

धनराज जोशी केवल एक गायक ही नहीं, बल्कि एक बेहतरीन कलाकार थे. वे अपने भजनों के बीच-बीच में हास्य (कॉमेडी) का ऐसा तड़का लगाते थे कि श्रोता घंटों तक बंधे रहते थे. मेवाड़ और मारवाड़ के ग्रामीण अंचलों में उनकी लोकप्रियता बहुत अधिक थी. पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है. उनके निधन पर क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधियों और कलाकारों ने गहरा दुख व्यक्त किया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *