Headlines

उदयपुर: NH-48 पर चलते ट्रक की डीजल टंकी फटने से धमाका; आग का गोला बना वाहन, चालक ने कूदकर बचाई जान

उदयपुर नेशनल हाईवे-48 पर पिपली-अ गांव के पास सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. उदयपुर से अहमदाबाद की ओर जा रहे सोप स्टोन पाउडर से भरे एक ट्रक की डीजल टंकी में अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिससे ट्रक धू-धू कर जल उठा. गनीमत रही कि आग की लपटें फैलने से पहले ही चालक ने ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली.

धमाके के साथ लगी भीषण आग

जानकारी के अनुसार, सोप स्टोन पाउडर से लदा यह ट्रक उदयपुर से गुजरात की ओर जा रहा था. जैसे ही ट्रक पिपली-अ गांव में राजपूताना रेस्टोरेंट के सामने पहुंचा, अचानक उसकी डीजल टंकी धमाके के साथ फट गई. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक एक पंप के सामने रुका ही था कि उसमें से ऊंची लपटें उठने लगीं. कुछ ही मिनटों में पूरा ट्रक आग के गोले में तब्दील हो गया.

हाईवे पर मची अफरा-तफरी, लगा लंबा जाम

हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. आग इतनी भीषण थी कि दूर-दूर तक काला धुआं दिखाई दे रहा था. घटना की सूचना मिलते ही हाईवे पर यातायात रुक गया और दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई. स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू पाना मुश्किल था.

पुलिस और दमकल ने पाया काबू

सूचना मिलते ही पुलिस टीम से अनिल मीणा, कांस्टेबल अनुज और राजेश पाटीदार मौके पर पहुंचे और तुरंत मोर्चा संभाला. पुलिस ने दमकल विभाग को सूचित किया, जिसके बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने भारी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया. आग बुझने के बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को किनारे करवाया और बाधित यातायात को सुचारू कराया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *