Headlines

उदयपुर: पुलिस के ‘साइबर शील्ड’ और ‘जीवन रक्षा अभियान’ को मिला भारी जनसमर्थन, आईजी ने जारी किए जागरूकता पोस्टर्स

उदयपुर आमजन को साइबर ठगी और सड़क हादसों के प्रति जागरूक करने के लिए उदयपुर रेंज पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘‘साइबर शील्ड’’ तथा ‘‘जीवन रक्षा अभियान – एक सुरक्षित सफर की ओर’’ को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है. इन अभियानों के प्रभावी प्रचार-प्रसार और अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव ने सोमवार को अपने कार्यालय में विशेष पोस्टर्स का विमोचन किया. इस दौरान उन्होंने रेंज के नागरिकों से इन अभियानों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया.

सजग नागरिक बनने की अपील, मिलेगा डिजिटल सर्टिफिकेट

पोस्टर विमोचन के अवसर पर आईजी गौरव श्रीवास्तव ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर अपराधों और सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए हर नागरिक का जागरूक होना बेहद जरूरी है. उन्होंने बताया कि इस अभियान को डिजिटल रूप से भी जोड़ा गया है. अभियान के तहत तैयार किए गए ऑनलाइन लिंक पर जाकर अपनी भागीदारी दर्ज करने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को संबंधित जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) के डिजिटल हस्ताक्षर वाला एक विशेष प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा.

हजारों नागरिक अब तक अभियान से जुड़े

आईजी ने अभियानों की सफलता के आंकड़े साझा करते हुए बताया कि ‘‘साइबर शील्ड’’ अभियान से अब तक 10 हजार से अधिक लोग ऑनलाइन जुड़कर सुरक्षा की शपथ ले चुके हैं. वहीं, सुरक्षित यातायात को बढ़ावा देने वाले ‘‘जीवन रक्षा अभियान’’ के अंतर्गत 8 हजार से अधिक नागरिकों ने अपनी सहभागिता निभाकर सड़क सुरक्षा के प्रति अपनी जागरूकता का परिचय दिया है.

यूनिसेफ और पुलिस का संयुक्त प्रयास

कार्यक्रम के दौरान यूनिसेफ़ राजस्थान की राज्य स्तरीय बाल संरक्षण सलाहकार श्रीमती सिंधु बिनुजीत भी मौजूद रहीं. उन्होंने अभियानों के डिजिटल संसाधनों और ऑनलाइन लिंक की उपयोगिता पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि इन अभियानों के माध्यम से आमजन, विशेषकर युवाओं और बच्चों को साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन सतर्कता और सुरक्षित यातायात नियमों के प्रति शिक्षित किया जा रहा है. उदयपुर रेंज पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे खुद इस अभियान से जुड़ें और अपने परिवार व समाज को भी सुरक्षित बनाने में सहयोग करें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *