उदयपुर लेक सिटी उदयपुर में आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों और स्थानीय निवासियों की सुरक्षा व सुविधा के लिए उदयपुर पुलिस ने एक बड़ी और आधुनिक शुरुआत की है. पुलिस ने ‘व्हाट्सएप हेल्पलाइन विद एआई (AI) चैटबॉट’ सेवा लॉन्च की है. इस हाईटेक सिस्टम के जरिए अब कोई भी पीड़ित या पर्यटक केवल एक व्हाट्सएप मैसेज भेजकर तुरंत पुलिस सहायता प्राप्त कर सकेगा.
इंसान की तरह बात करेगा एआई चैटबॉट, शेयर कर सकेंगे लाइव लोकेशन
उदयपुर आईजी गौरव श्रीवास्तव और एसपी डॉ. अमृता दुहन ने पुलिस लाइन सभागार में इस हेल्पलाइन नंबर 7300059984 को जारी किया. इस सिस्टम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इस पर मैसेज करने पर एआई चैटबॉट बिल्कुल एक इंसान की तरह बात कर शिकायतकर्ता से जानकारी जुटाएगा. पर्यटक या आमजन इस हेल्पलाइन पर टेक्स्ट मैसेज के अलावा फोटो, ऑडियो और अपनी लाइव लोकेशन भी भेज सकेंगे.
रियल टाइम डैशबोर्ड और जीआईएस मैप से तुरंत पहुंचेगी पुलिस
यह पूरा सिस्टम बैकएंड में एक एआई आधारित ‘रियल टाइम डैशबोर्ड’ से जुड़ा रहेगा. जैसे ही कोई पर्यटक मदद मांगेगा, जीआईएस (GIS) मैप पर उसकी सटीक लोकेशन पुलिस को दिख जाएगी. इसके बाद चैटबॉट तुरंत इसकी सूचना नजदीकी पुलिस स्टेशन या मौके पर मौजूद ‘कालिका पुलिस पेट्रोलिंग टीम’ को फॉरवर्ड कर देगा, जिससे चंद मिनटों में सहायता मौके पर पहुंच जाएगी. इसके जरिए इमरजेंसी कॉल, पर्यटन स्थलों की जानकारी, दुर्घटना में मदद और अस्पताल या थानों का पता आसानी से मिल सकेगा.
थानाधिकारियों की जवाबदेही तय, मॉनिटरिंग करेंगे बड़े अफसर
एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि इस पूरी प्रक्रिया को लेकर सभी थानाधिकारियों को विशेष ट्रेनिंग दी जा चुकी है. सूचना मिलते ही पुलिस दल को तुरंत रवाना होना होगा और कार्रवाई पूरी करने के बाद डैशबोर्ड पर केस को ‘क्लोज्ड’ मार्क करना होगा। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी इस पूरे सिस्टम की रियल टाइम मॉनिटरिंग करेंगे. अधिकारियों का मानना है कि इस व्यवस्था से पर्यटकों को एक बेहद सुरक्षित और सुखद वातावरण मिलेगा.

