Headlines

उदयपुर: पुराना बकाया मांगना पड़ा भारी, होटल संचालक पर तलवार से हमला करने वाला शातिर बदमाश गिरफ्तार

उदयपुर उदयपुर की सविना थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. पुलिस ने एक होटल संचालक पर तलवार से जानलेवा हमला करने और होटल में जमकर तोड़फोड़ करने वाले शातिर बदमाश कमलेश उर्फ चीकू को गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गए आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है और उसके खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास, मारपीट और जुआ जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं.

खाने के पैसे मांगने पर बढ़ा विवाद

जानकारी के अनुसार, घटना 19 जून की रात करीब 11:30 बजे की है. सलूंबर जिले के सलावता निवासी और सविना स्थित ‘हनी दाल बाटी व पंजाबी फैमिली रेस्टोरेंट’ के संचालक महिपाल सिंह ने पुलिस में मामला दर्ज कराया. रिपोर्ट के मुताबिक, सविना निवासी कमलेश उर्फ चीकू रात को होटल पर आया और खाना पैक करने को कहा. जब होटल संचालक महिपाल सिंह ने उससे पिछले बकाया पैसे जमा कराने को कहा, तो आरोपी आगबबूला हो गया.

तलवार से हमला और फॉर्च्यूनर में तोड़फोड़

गुस्से में तमतमाया आरोपी तुरंत अपने घर गया और वहां से अपनी कार और तलवार लेकर वापस रेस्टोरेंट पहुंचा. उसने होटल संचालक पर तलवार से जानलेवा हमला कर दिया. इतना ही नहीं, बदमाश ने होटल के बाहर खड़ी फॉर्च्यूनर गाड़ी, रेस्टोरेंट के शटर और सीसीटीवी कैमरों में जमकर तोड़फोड़ की और संचालक को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की.

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी रिमांड पर

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ. अमृता दूहन के निर्देशानुसार, सविना थानाधिकारी गजवीर सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी इनपुट्स की मदद से त्वरित कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त कमलेश उर्फ चीकू को दबोच लिया.

थानाधिकारी गजवीर सिंह ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है. पुलिस अब आरोपी से वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार और गाड़ी की बरामदगी को लेकर पूछताछ कर रही है.

आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार बदमाश कमलेश उर्फ चीकू एक आदतन अपराधी है. उसके खिलाफ पूर्व में भी हत्या का प्रयास (307), मारपीट, जुआ, एससी-एसटी एक्ट और जालसाजी (420) के 7 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं. पुलिस अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *