Headlines

उदयपुर: रणकपुर घाटे में भीषण हादसा, अनियंत्रित होकर 50 फीट गहरे कुएं में गिरी कार; व्यापारी की मौत

उदयपुर जिले के सायरा थाना इलाके में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. सादड़ी-सायरा मार्ग पर रणकपुर घाटे के समीप एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सुरक्षा दीवार (सेफ्टी वॉल) तोड़ते हुए सीधे 50 फीट गहरे कुएं में जा गिरी. इस दुखद हादसे में कार चालक युवक की मौके पर ही मौत हो गई.

कुएं में 10 फीट पर फंस गई कार

हादसा रविवार शाम करीब 4:30 बजे रणकपुर घाटे स्थित अमराई वैली के पास एक विकट मोड़ पर हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह मोड़ पर संभल नहीं पाई और दीवार तोड़कर कुएं में गिर गई. गनीमत यह रही कि कुआं 50 फीट से ज्यादा गहरा होने के बावजूद कार करीब 10 से 12 फीट की गहराई पर ही अटक गई. शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया.

कांच तोड़कर निकाला गया शव

सूचना मिलने पर सायरा थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची. कुएं में फंसी कार से चालक को बाहर निकालना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी. ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने कार का कांच तोड़ा और कड़ी मशक्कत के बाद युवक के शव को बाहर निकाला. बाद में कार को जेसीबी की मदद से कुएं से खींचकर बाहर निकाला गया.

पुलिस ने कार के नंबरों के आधार पर जांच की, जिसमें मृतक की पहचान फालना (वर्तमान निवासी बाली) निवासी 29 वर्षीय अनिकेत जैन के रूप में हुई. अनिकेत पेशे से व्यापारी थे. पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित कर शव को सायरा अस्पताल की मॉर्च्युरी (शवगृह) में रखवा दिया है.

जांच में जुटी पुलिस

सोमवार को परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा. सायरा थाना पुलिस ने फिलहाल मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है. प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और खतरनाक मोड़ को हादसे की वजह माना जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *