उदयपुर शहर के उदय सागर क्षेत्र के समीप स्थित बिजली विभाग के पावर हाउस में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. पावर हाउस में लगे एक विशाल ट्रांसफार्मर में लगी इस आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया. आग इतनी भीषण थी कि उसका काला धुआं करीब एक से डेढ़ किलोमीटर दूर तक साफ दिखाई दे रहा था, जिसे देखकर आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया.
ट्रांसफार्मर में धमाके के साथ भड़की आग
जानकारी के अनुसार, पावर हाउस के ट्रांसफार्मर में अचानक तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लग गई. ट्रांसफार्मर में मौजूद तेल के कारण आग तेजी से फैली और लपटें ऊंची उठने लगीं. घटना के वक्त पावर हाउस में मौजूद कर्मचारी तुरंत बाहर निकल आए और इसकी सूचना उच्चाधिकारियों व दमकल विभाग को दी. आग की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए.
दमकल ने पाया काबू
आग की भयावहता को देखते हुए तत्काल हिंदुस्तान जिंक की फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया गया. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद फोम और पानी की बौछारों की मदद से आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास शुरू किया. काफी समय तक चली जद्दोजहद के बाद आखिरकार आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया. गनीमत रही कि समय रहते आग को रोक लिया गया, अन्यथा पावर हाउस के अन्य हिस्सों में भी बड़ा नुकसान हो सकता था.
बिजली आपूर्ति रही प्रभावित
इस अग्निकांड के कारण क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई. विभाग के अधिकारी अब आग से हुए नुकसान का आकलन कर रहे हैं. फिलहाल फायर ब्रिगेड की टीम ने स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया है और कूलिंग का काम पूरा किया जा रहा है. विभाग का कहना है कि जले हुए ट्रांसफार्मर की मरम्मत या उसे बदलने के बाद ही क्षेत्र की बिजली व्यवस्था सुचारू हो पाएगी।.

