Headlines

उदयपुर: आरके सर्कल के पास पेंट की दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक

उदयपुर शहर के सुखेर थाना क्षेत्र स्थित आरके सर्कल के पास शुक्रवार देर शाम एक पेंट की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई. पेट्रोल पंप के पास स्थित इस दुकान में थिनर और पेंट जैसे ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसमान में काले धुएं का गुबार दूर से ही दिखाई दे रहा था.

धमाकों और लपटों से मची अफरा-तफरी

घटना शुक्रवार रात करीब 8 बजे की है, जब ‘श्री भारत पेंट’ नाम की दुकान में अचानक आग भड़क उठी. दुकान में कर्मचारी काम कर रहे थे, लेकिन लपटें उठती देख वे जान बचाकर तुरंत बाहर भाग निकले. चूंकि दुकान पेट्रोल पंप के काफी करीब स्थित थी, इसलिए इलाके में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. इस कारण चौराहे पर लंबे यातायात जाम के हालात भी बन गए.

दमकल की मशक्कत से टला बड़ा हादसा

सूचना मिलते ही सुखेर थाना पुलिस और दमकल की गाड़ियाँ मौके पर पहुंचीं. अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी, फायर अधिकारी नवदीप बग्गा और शिवराम मीणा के नेतृत्व में टीम ने मोर्चा संभाला. दुकान में थिनर और रंग होने के कारण आग बार-बार सुलग रही थी, जिसे करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पूरी तरह बुझाया जा सका. गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, वरना पास की अन्य दुकानें भी इसकी चपेट में आ सकती थीं.

लाखों का नुकसान, शॉर्ट सर्किट हो सकता है कारण

हादसे में दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया है. प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि पुलिस और दमकल विभाग वास्तविक कारणों की जांच में जुटे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *