Headlines

उदयपुर: स्कॉर्पियो की टक्कर से युवक की मौत पर बवाल; परिजनों ने रखी 50 लाख मुआवजे की मांग, आरोपी के घर अंतिम संस्कार की चेतावनी

उदयपुर शहर के सियालपुरा गांव में एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से नंदलाल राव नाम के व्यक्ति की मौत के बाद मामला गरमा गया है. घटना से आक्रोशित परिजनों और समाज के लोगों ने सोमवार को एमबी चिकित्सालय के बाहर जमकर प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती, वे शव का पोस्टमार्टम नहीं होने देंगे.

हादसे के बाद निजी अस्पताल में तोड़ा दम

जानकारी के अनुसार, नंदलाल राव सियालपुरा गांव में सड़क किनारे पैदल चल रहे थे. इसी दौरान पीछे से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में नंदलाल गंभीर रूप से घायल हो गए. परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और समाज के लोग एमबी अस्पताल की मोर्चरी पर एकत्र हो गए.

परिजनों की प्रमुख मांगें

आक्रोशित समाजजनों ने अस्पताल परिसर में प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. उनकी प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं:

  • मृतक के आश्रितों को 50 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए.
  • परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाए.
  • फरार स्कॉर्पियो चालक को अविलंब गिरफ्तार किया जाए.

आरोपी के घर के बाहर अंतिम संस्कार की दी चेतावनी

प्रदर्शनकारियों का गुस्सा इतना अधिक था कि उन्होंने प्रशासन को दो टूक चेतावनी दे दी है. परिजनों का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार नहीं किया गया, तो वे न केवल पोस्टमार्टम का बहिष्कार करेंगे, बल्कि नंदलाल के शव का अंतिम संस्कार आरोपी चालक के घर के ठीक बाहर करेंगे.

मौके पर भारी पुलिस जाब्ता तैनात है. पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक दल प्रदर्शनकारियों से समझाइश का प्रयास कर रहे हैं ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की जा सके. फिलहाल अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *