Headlines

डूंगरपुर: लोड़ेश्वर बांध पर बदमाशों का तांडव, मछली ठेकेदार के कर्मचारियों पर हमला और लूट

डूंगरपुर जिले के ओबरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले लोड़ेश्वर बांध पर बीती रात उस समय दहशत फैल गई, जब करीब 12 से 15 हथियारबंद बदमाशों की एक गैंग ने मछली ठेकेदार के डेरे पर धावा बोल दिया. पावर बाइक पर सवार होकर आए इन नकाबपोश युवकों ने न केवल वहां मौजूद कर्मचारियों के साथ मारपीट की, बल्कि लूटपाट और तोड़फोड़ कर भारी आतंक मचाया.

आधी रात को पावर बाइक पर आए हमलावर

जानकारी के अनुसार, घटना देर रात करीब 12 से 1 बजे के बीच की है. चश्मदीदों ने बताया कि हमलावर तेज रफ्तार पावर बाइक्स पर सवार होकर आए थे. उन्होंने आते ही वहां सो रहे कर्मचारियों पर हमला कर दिया और मौके पर जमकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। बदमाशों ने वहां खड़ी एक स्कूटी और बाइक को पत्थरों और डंडों से पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया.

मछली, मोबाइल और टॉर्च की लूट

बदमाशों ने केवल मारपीट ही नहीं की, बल्कि लूटपाट को भी अंजाम दिया. पीड़ित पक्ष के अनुसार, आरोपी करीब 90 किलो मछली अपने साथ ले गए, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत 25 हजार रुपए बताई जा रही है. इसके अलावा, चार्जिंग पर लगे दो मोबाइल फोन (चार्जर सहित) और रोशनी के लिए रखी गई 3-4 टॉर्च भी बदमाश लूट ले गए। मछली रखने वाली कैरेट और अन्य जरूरी सामान को भी बुरी तरह तोड़ दिया गया.

ठेकेदार ने दी चेतावनी: “सुरक्षा नहीं मिली तो छोड़ देंगे ठेका”

मछली ठेकेदार तौसीफ ने इस संबंध में ओबरी थाना पुलिस को लिखित रिपोर्ट सौंपी है. ठेकेदार का कहना है कि इस हमले से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है और उनके कर्मचारियों में भारी डर व्याप्त है. तौसीफ ने चेतावनी देते हुए कहा, “यदि इस प्रकार की घटनाएं जारी रहीं और पुलिस ने सख्त कार्रवाई नहीं की, तो उन्हें मछली पालन का ठेका छोड़ने पर मजबूर होना पड़ेगा, जिससे सरकारी राजस्व को भी बड़ी चपत लगेगी.”

पुलिस जांच जारी

ओबरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों और पावर बाइक्स के हुलिए के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है. ग्रामीण इलाकों में इस तरह की गैंग के सक्रिय होने से स्थानीय लोगों में भी रोष और असुरक्षा का माहौल है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *