Headlines

डूंगरपुर: जमीनी विवाद में खूनी खेल, भतीजे और उसके परिवार ने पीट-पीटकर की चाचा की हत्या

राजस्थान के डूंगरपुर जिले के दोवड़ा थाना क्षेत्र के देवला फला मूंगाना गांव में सोमवार को जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. पुरानी रंजिश और पेड़ काटने को लेकर हुए झगड़े में एक भतीजे ने अपने परिवार के साथ मिलकर अपने ही सगे चाचा की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी. इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.

क्या है पूरा मामला?

दोवड़ा थानाधिकारी (CI) परमेश्वर पाटीदार ने बताया कि देवला फला मूंगाना गांव के निवासी गटू और उसके भतीजे रमेश के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. सोमवार को विवादित जमीन पर लगे एक पेड़ की कटाई को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हुई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि रमेश के परिवार के अन्य सदस्य भी वहां पहुँच गए.

निर्मम तरीके से की गई हत्या

आरोप है कि आवेश में आकर भतीजे रमेश और उसके परिजनों ने गटू पर हमला बोल दिया. लाठी-डंडों और लात-घूंसों से गटू की इतनी बेरहमी से पिटाई की गई कि उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. सूचना मिलते ही दोवड़ा थाना पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुँची और स्थिति का जायजा लिया.

FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला मुख्यालय से एफएसएल (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य और नमूने एकत्र किए हैं ताकि आरोपियों के खिलाफ पुख्ता सबूत जुटाए जा सकें. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया, जहाँ पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.

पुलिस की कार्रवाई

दोवड़ा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश में दबिश देना शुरू कर दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण पुराना जमीनी विवाद और तात्कालिक रूप से पेड़ काटने की बात सामने आई है. पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *