उदयपुर शहर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरोहितों की मादड़ी इलाके में दिनदहाड़े लूट की एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है. शातिर बदमाशों ने ‘भक्ति और सम्मान’ का ढोंग रचते हुए एक बुजुर्ग चाय विक्रेता को अपना शिकार बनाया और उनके गले से दो तोला सोने की चेन छीनकर रफूचक्कर हो गए.
आराम कर दुकान लौट रहे थे पीड़ित
जानकारी के अनुसार, लकड़वास निवासी वालू राम डांगी पुरोहितों की मादड़ी रोड नंबर 4 पर बरगद के पेड़ के पास चाय की दुकान चलाते हैं. वारदात के समय वे लक्ष्मीनगर स्थित अपने आवास से आराम कर वापस दुकान की ओर लौट रहे थे. जैसे ही वे रोड नंबर 3 और 4 के बीच लक्ष्मीनगर के कोने पर पहुँचे, बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया.
पैर छुए और फिर दिखा दिया असली चेहरा
वारदात का तरीका बेहद शातिर था. बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने नीचे उतरकर वालू राम जी से पूछा कि “पास में कोई मंदिर है क्या?” इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, युवक ने श्रद्धा भाव दिखाते हुए उनके पैर छुए. जैसे ही वे कुछ कहने के लिए झुके, बदमाश ने झपट्टा मारकर उनके गले से करीब दो तोले की सोने की चेन तोड़ ली और बाइक पर बैठकर तेजी से फरार हो गए.
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
अचानक हुई इस वारदात से पीड़ित हक्का-बक्का रह गए. शोर मचाने पर आसपास के लोग जमा हुए, लेकिन तब तक लुटेरे आंखों से ओझल हो चुके थे. घटना के बाद से स्थानीय व्यापारियों और निवासियों में दहशत का माहौल है.
सूचना मिलते ही प्रतापनगर थाना पुलिस मौके पर पहुँची. पीड़ित वालू राम डांगी की लिखित शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अब इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बाइक के नंबर और बदमाशों के हुलिए का पता लगाया जा सके.

