बांसवाड़ा जिले के मोटागांव थाना क्षेत्र के नागवाला गांव में शनिवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई है. यहाँ टापरातलाई सरपंच प्रेमशंकर भगोरा के 26 वर्षीय पुत्र गणेश लाल का शव एक खेत में ट्रैक्टर-ट्रॉली से लटका हुआ मिला. युवक द्वारा अपनाए गए आत्मघाती तरीके और इस आकस्मिक घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है.
ट्रॉली को हाइड्रोलिक से ऊंचा कर बनाया फंदा
जानकारी के अनुसार, मृतक गणेश लाल शुक्रवार शाम को घर से ट्रैक्टर लेकर निकला था. जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने आसपास के इलाकों में उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. शनिवार सुबह करीब 9 बजे ग्रामीणों ने नागवाला गांव के एक सुनसान खेत में युवक का शव लटका देखा.
चौंकाने वाली बात यह रही कि युवक ने आत्महत्या के लिए ट्रैक्टर की ट्रॉली का सहारा लिया. उसने पहले ट्रॉली को हाइड्रोलिक के जरिए ऊंचा किया और फिर उसमें रस्सी का फंदा बांधकर आत्महत्या कर ली।
अस्पताल में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़
घटना की सूचना मिलते ही मोटागांव थानाधिकारी रमेशचंद्र पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर तुरंत जिला अस्पताल की मोर्चरी पहुंचाया. गणेश की मौत की खबर जैसे ही फैली, अस्पताल परिसर में ग्रामीणों और परिचितों की भारी भीड़ जमा हो गई.
पुलिस जांच में जुटी
मोटागांव थानाधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का ही प्रतीत हो रहा है. हालांकि, युवक ने इतना बड़ा कदम किन कारणों से उठाया, इसका अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है. पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस अब मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है ताकि मौत के असली कारणों का पता लगाया जा सके.

