Headlines

उदयपुर: बिच्छू घाटी मर्डर केस में तीसरी बड़ी गिरफ्तारी, साजिशकर्ता जोयेब खान उर्फ अक्कू पुलिस के हत्थे चढ़ा

उदयपुर शहर के ऐतिहासिक घंटाघर थाना क्षेत्र स्थित बिच्छू घाटी में हुए चर्चित साहिल हत्याकांड में पुलिस ने एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है. पुलिस ने इस मामले की साजिश रचने वाले और विवाद को हवा देने वाले तीसरे आरोपी जोयेब खान उर्फ अक्कू को गिरफ्तार कर लिया है. बताया जा रहा है कि जोयेब ने ही मुख्य आरोपी नईम को कॉल कर उकसाया था, जिसके बाद इस खूनी वारदात को अंजाम दिया गया.

कॉल पर रची गई थी मौत की साजिश

7 अप्रैल की रात हुई इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे उदयपुर को दहला दिया था. पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना से पहले जोयेब और मृतक के साथी जिशान के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इसी रंजिश में जोयेब ने मुख्य आरोपी नईम को फोन किया और साहिल व जिशान को “सबक सिखाने” के लिए उकसाया. फोन पर हुई गाली-गलौच के बाद जब साहिल अपने साथियों के साथ बिच्छू घाटी पहुँचा, तो वहां पहले से ही नईम, कुन्दन और उनके अन्य साथी हथियारों से लैस होकर घात लगाए बैठे थे.

चाकू और कुल्हाड़ी से किया था हमला

साहिल के वहां पहुँचते ही आरोपियों ने उस पर चाकू और कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमले में गंभीर रूप से घायल साहिल को एमबी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में पुलिस ने तकनीकी सहायता और सैकड़ों CCTV फुटेज खंगालने के बाद अब तक तीन आरोपियों को दबोच लिया है. इससे पहले गौरव उर्फ बिट्टू को भीलवाड़ा से और मोहम्मद सुहान उर्फ डायर को भीण्डर से गिरफ्तार किया जा चुका है.

हिस्ट्रीशीटर मुख्य आरोपी अब भी फरार

इस हत्याकांड के मुख्य सूत्रधार नईम उर्फ नईमुद्दीन और कुन्दन अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं. ये दोनों इलाके के हिस्ट्रीशीटर बताए जा रहे हैं. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी जोयेब खान को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है, ताकि साजिश की अन्य कड़ियों और फरार आरोपियों के ठिकानों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके. पुलिस का दावा है कि जल्द ही मुख्य आरोपियों को भी सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *