उदयपुर राजस्थान पुलिस का ई-चालान सिस्टम एक बार फिर सुर्खियों में है, लेकिन इस बार मामला बेहद चौंकाने वाला है. उदयपुर के एक बिजनेसमैन की लग्जरी कार घर की पार्किंग में खड़ी रही, लेकिन पुलिस ने उसका चालान 100 किलोमीटर दूर चित्तौड़गढ़ में ‘ओवरस्पीडिंग’ के लिए काट दिया. इस तकनीकी खामी ने वाहन मालिक की नींद उड़ा दी है.

क्या है पूरा मामला?
उदयपुर के मॉडर्न कॉम्प्लेक्स निवासी बिजनेसमैन प्रमोद खाब्या ने बताया कि उनके बेटे दिव्य खाब्या के नाम रजिस्टर्ड एसयूवी (RJ27CR0031) बुधवार रात से घर की पार्किंग में खड़ी थी. गुरुवार सुबह 9:34 बजे उनके मोबाइल पर एक मैसेज आया, जिसमें बताया गया कि उनकी गाड़ी ने सुबह 8:40 बजे चित्तौड़गढ़ के बानसेन और घोसुंडा के बीच ओवरस्पीडिंग की है और इसके लिए 1000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है.
सीसीटीवी फुटेज ने खोली पोल
मैसेज देखते ही खाब्या परिवार घबरा गया कि कहीं गाड़ी चोरी तो नहीं हो गई. जब उन्होंने पार्किंग चेक की तो गाड़ी वहीं सुरक्षित खड़ी थी. प्रमोद खाब्या ने अपने घर के सीसीटीवी फुटेज भी दिखाए, जिसमें साफ दिख रहा है कि जिस वक्त का चालान काटा गया, उस समय गाड़ी घर के अंदर ही थी. चौंकाने वाली बात यह है कि चालान के साथ जो फोटो अटैच है, उसमें भी उनकी गाड़ी नजर नहीं आ रही है.
आए दिन हो रही हैं ऐसी गलतियां
पुलिस के ई-चालान सिस्टम पर सवाल उठना लाजमी है, क्योंकि यह पहली घटना नहीं है:
- जोधपुर: दो दिन पहले एक महिला वकील की घर खड़ी स्कूटी का ‘बिना हेलमेट’ का चालान कटा.
- उदयपुर: जनवरी 2026 में कार चलाने वाले वकील का ‘हेलमेट नहीं लगाने’ पर चालान काट दिया गया.
- कोटा: स्विफ्ट डिजायर के मालिक को हुंडई कार की फोटो वाला चालान थमा दिया गया.
क्या करें अगर आए गलत चालान?
नियमों के मुताबिक, अगर आपके पास कोई गलत चालान आता है, तो आप 15 दिनों के भीतर ट्रैफिक पुलिस या संबंधित विभाग के पोर्टल पर इसकी ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकते हैं. सीसीटीवी फुटेज या अन्य साक्ष्य होने पर जांच के बाद ऐसे चालान रद्द कर दिए जाते हैं.

