Headlines

डूंगरपुर: मोबाइल छीनकर भाग रहे बदमाशों से भिड़ा जांबाज युवक; कार सवार लुटेरों ने किया जानलेवा हमला, घायल अस्पताल में भर्ती

डूंगरपुर शहर में गुरुवार दोपहर मानवता और बहादुरी की एक मिसाल देखने को मिली, जहां एक जांबाज युवक ने युवती का मोबाइल छीनकर भाग रहे कार सवार बदमाशों का पीछा कर उन्हें रोकने की हिम्मत दिखाई. हालांकि, लुटेरों ने अपनी हार होते देख युवक पर जानलेवा हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया और मौके से फरार हो गए, घायल युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है,

क्या है पूरा घटनाक्रम?

जानकारी के अनुसार, बिलड़ी गांव निवासी जितेंद्र परमार गुरुवार दोपहर करीब 2:00 बजे अपनी स्कूटी से शहर के रिंग रोड की ओर जा रहा था, इसी दौरान उसने देखा कि एक कार में सवार कुछ बदमाशों ने सड़क पर जा रही एक युवती का मोबाइल छीना और तेजी से भागने लगे, युवती को संकट में देख जितेंद्र ने बिना डरे अपनी स्कूटी से कार का पीछा शुरू कर दिया.

SBP कॉलेज के पास बदमाशों को घेरा

जितेंद्र ने बहादुरी दिखाते हुए एसबीपी (SBP) कॉलेज के निकट अपनी स्कूटी कार के आगे लगाकर बदमाशों को रुकने पर मजबूर कर दिया. जब जितेंद्र ने उनसे युवती का मोबाइल वापस करने को कहा, तो कार सवार बदमाश युवक तैश में आ गए. लुटेरों ने कार से नीचे उतरकर जितेंद्र पर हमला बोल दिया.

सिर पर फेंट से किया वार, मौके से हुए फरार

आपसी भिड़ंत के दौरान एक बदमाश ने जितेंद्र के सिर पर भारी वस्तु (फेंट) से जोरदार प्रहार किया, जिससे उसका सिर फट गया और वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा. युवक को गंभीर रूप से घायल करने के बाद बदमाश अपनी कार लेकर मौके से भाग निकले. शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए और घायल जितेंद्र को तुरंत डूंगरपुर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है.

पुलिस को दी सूचना

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल युवक के बयान दर्ज किए हैं. शहर में दिनदहाड़े हुई इस वारदात और मोबाइल लूट की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस अब कॉलेज रोड के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की कार के नंबर का पता लगाया जा सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *