Headlines

उदयपुर: गोगुंदा में युवक की निर्मम हत्या, ढूंढ कार्यक्रम से लौटते समय बदमाशों ने घेरा; लूट के बाद वारदात

उदयपुर जिले के गोगुंदा उपखंड स्थित बेकरिया थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहाँ टाकरी घाटी में अज्ञात बदमाशों ने एक युवक की धारदार हथियारों से हमला कर निर्मम हत्या कर दी. इस वारदात के बाद से ही पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और परिजनों में भारी आक्रोश व्याप्त है.

ढूंढ कार्यक्रम से लौटते समय हुआ हमला

जानकारी के अनुसार, पिंडवाड़ा के ठंडी बेरी निवासी मेवाराम अपने दोस्तों के साथ पीपली खेड़ा में आयोजित एक ‘ढूंढ’ कार्यक्रम में शामिल होने आया था. बुधवार देर रात जब वह कार्यक्रम से वापस लौट रहा था, तभी टाकरी घाटी के पास दो बाइकों पर सवार होकर आए अज्ञात बदमाशों ने उसे घेर लिया.

धारदार हथियारों से वार और लूटपाट

बदमाशों ने मेवाराम पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिए. हमला इतना भीषण था कि मेवाराम की मौके पर ही मौत हो गई. क्रूरता की हदें पार करते हुए बदमाशों ने हत्या के बाद युवक का मोबाइल और पर्स भी लूट लिया और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए.

40 घंटे बाद भी नहीं हुआ पोस्टमार्टम

घटना की सूचना मिलते ही बेकरिया थानाधिकारी उत्तम सिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया. हालांकि, वारदात के करीब 40 घंटे बीत जाने के बाद भी शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका है. मृतक के परिजन और ग्रामीण आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर अड़े हुए हैं. उनका कहना है कि जब तक हत्यारे पकड़े नहीं जाते, वे शव का पोस्टमार्टम नहीं करवाएंगे.

पुलिस की जांच और तलाश जारी

पुलिस ने हत्या और लूट का मामला दर्ज कर लिया है. थानाधिकारी के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं जो संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दे रही हैं. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को पहचान कर उन्हें सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा. फिलहाल, तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए इलाके में पुलिस बल तैनात है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *