उदयपुर जिले के गोगुंदा थाना क्षेत्र के मजावड़ी गांव से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहाँ भील बस्ती में एक पति-पत्नी के बीच हुई मामूली कहासुनी ने ऐसा खौफनाक रूप लिया कि अंततः पत्नी ने मौत को गले लगा लिया और पति अस्पताल में जीवन और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है.
भजन संध्या से लौटने के बाद बिगड़े हालात
जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार रात की है. मजावड़ी गांव की भील बस्ती में रहने वाला उमेश गमेती और उसकी पत्नी दुर्गा गमेती रात को एक भजन संध्या कार्यक्रम में गए थे. कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब दोनों घर लौटे, तो किसी बात को लेकर उनके बीच मामूली कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि आवेश में आकर दुर्गा गमेती ने पास पड़ी कुल्हाड़ी उठा ली और अपने पति उमेश पर ताबड़तोड़ वार कर दिए.
पति को मरा समझ पत्नी ने लगाया फंदा
कुल्हाड़ी के हमले से उमेश लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा. अत्यधिक खून बहने के कारण वह अचेत हो गया. बताया जा रहा है कि उमेश को बेसुध हालत में देख दुर्गा घबरा गई और उसे लगा कि उसके पति की मौत हो चुकी है. इसी आत्मग्लानि और डर के कारण दुर्गा ने उसी कमरे में फांसी का फंदा लगाया और खुदकुशी कर ली.
अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच शुरू
चीख-पुकार और हलचल सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां का मंजर देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. परिजनों ने तुरंत गंभीर रूप से घायल उमेश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.
घटना की सूचना मिलते ही गोगुंदा थानाधिकारी श्याम सिंह रतन मय जाब्ता मजावड़ी गांव पहुंचे. पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से मृतका के शव को फंदे से नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया. थानाधिकारी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आपसी रंजिश या विवाद के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है.

