Headlines

डूंगरपुर: गामड़ी देवल में बेखौफ चोरों का तांडव, किराना दुकान से नकदी समेत 65 हजार का सामान पार

डूंगरपुर जिले में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला सदर थाना क्षेत्र के गामड़ी देवल गांव का है, जहां बीती रात चोरों ने एक किराना दुकान को निशाना बनाते हुए नकदी और सामान पर हाथ साफ कर दिया. चोर दुकान से करीब 65 हजार रुपये की संपत्ति चुरा ले गए. वारदात के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है.

पिछला गेट तोड़कर दुकान में घुसे चोर

पीड़ित दुकानदार रवि कुमार जैन ने बताया कि वह रोज की तरह अपनी दुकान मंगल कर घर गए थे. 13 मई की काली रात का फायदा उठाते हुए चोरों ने दुकान के पिछले गेट को निशाना बनाया. चोरों ने गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और दुकान के काउंटर को खंगाला. काउंटर के ड्रॉअर में रखी 35 हजार रुपये की नकदी पर चोरों ने सबसे पहले हाथ साफ किया.

नकदी के साथ बीड़ी-सिगरेट और तंबाकू के कट्टे भी ले उड़े

चोर केवल नकदी तक ही सीमित नहीं रहे, उन्होंने दुकान में रखे कीमती सामान को भी अपना निशाना बनाया. दुकानदार के अनुसार, चोर दुकान से बीड़ी और सिगरेट के करीब 80 पैकेट, भारी मात्रा में तंबाकू और विमल के कट्टे भी साथ ले गए. चोरी हुए कुल सामान और नकदी की अनुमानित कीमत करीब 65 हजार रुपये बताई जा रही है. सुबह जब दुकानदार दुकान पहुंचा, तो सामान बिखरा हुआ और पिछला गेट टूटा देख उसके होश उड़ गए.

ग्रामीणों ने घेरा सदर थाना, जल्द खुलासे की मांग

वारदात की सूचना मिलते ही गामड़ी देवल के ग्रामीण बड़ी संख्या में एकत्रित हो गए. चोरी की बढ़ती घटनाओं से नाराज ग्रामीणों ने सदर थाने पहुंचकर पुलिस के सामने अपना विरोध दर्ज कराया. ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर माल बरामद करने की मांग की है.

पुलिस जांच में जुटी

सदर थाना पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस की एक टीम ने मौका मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके. थानाधिकारी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया है कि जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *