उदयपुर जिले के बेकरिया थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए क्षेत्र में हुई सनसनीखेज लूट और हत्या के मामले का महज़ कुछ ही घंटों में भंडाफोड़ कर दिया ह. पुलिस ने इस अमानवीय वारदात में शामिल चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. यह पूरी घटना महज गाड़ी को साइड देने के मामूली विवाद से शुरू हुई थी, जिसने देखते ही देखते एक युवक की जान ले ली.
साइड देने की बात पर विवाद, चाकू से किया हमला
जानकारी के अनुसार, मृतक मेवाराम और उसके साथी अपने वाहन से जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में आरोपियों के साथ गाड़ी को साइड देने की बात को लेकर उनकी कहासुनी हो गई. बहस इतनी बढ़ी कि आरोपियों ने तैश में आकर मेवाराम और उसके साथियों पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस अचानक हुए हमले में मेवाराम के पेट और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर घाव हो गए, जबकि उसके दो अन्य साथी भी हमले में लहूलुहान हो गए.
घायल को तड़पता छोड़ मोबाइल और पर्स लूटा, अस्पताल में मौत
हैरान कर देने वाली बात यह है कि आरोपियों ने न सिर्फ जानलेवा हमला किया, बल्कि इंसानियत को ताक पर रखकर मरणासन्न पड़े मेवाराम का मोबाइल और जेब में रखा पर्स भी लूट लिया और मौके से फरार हो गए. घायल साथियों ने जैसे-तैसे मेवाराम को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मेवाराम को मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही बेकरिया थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया. पुलिस ने पीड़ितों की रिपोर्ट पर तत्काल हत्या और लूट का संगीन मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की मदद से 4 आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में बेकरिया थाना पुलिस की एक विशेष टीम का गठन किया गया. पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और तकनीकी साक्ष्य (साइबर सेल की मदद) व मुखबिरों का जाल बिछाया. पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों—भरत, राकेश, मुन्ना और प्रवीण को धर दबोचा. पुलिस गिरफ्त में आए आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि लूटा गया सामान बरामद किया जा सके. वहीं, इस वारदात में शामिल कुछ अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.

