उदयपुर जिले के सायरा थाना क्षेत्र के तिरोल गांव में बुधवार देर रात एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बिजली के ट्रांसफार्मर (डीपी) से कॉपर और तेल चोरी करने का प्रयास दो युवकों को बेहद भारी पड़ गया. चालू विद्युत लाइन की चपेट में आने से दोनों युवक तेज करंट का झटका लगने के कारण नीचे आ गिरे और गंभीर रूप से झुलस गए. हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
चालू लाइन पर चढ़कर काट रहे थे कॉपर, लगा जोरदार झटका
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सायरा थाना क्षेत्र के तिरोल गांव में बुधवार देर रात अज्ञात चोरों ने खेतों में लगे बिजली के ट्रांसफार्मर को निशाना बनाने की कोशिश की. दो युवक औजारों के साथ चालू विद्युत लाइन वाले ट्रांसफार्मर पर चढ़ गए और उसमें से कीमती कॉपर वायर तथा तेल चोरी करने के लिए तोड़फोड़ शुरू कर दी.
इसी दौरान अचानक दोनों युवक हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गए. करंट का झटका इतना जोरदार था कि दोनों झुलसते हुए सीधे ऊपर से नीचे जमीन पर आ गिरे. गनीमत यह रही कि इस बेहद खतरनाक हादसे में दोनों की जान बच गई, लेकिन वे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
ग्रामीणों ने बनाया वीडियो, सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
देर रात हुए इस हादसे और चीख-पुकार के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए. ग्रामीणों ने घायल चोरों को देखकर तुरंत इसकी सूचना सायरा थाना पुलिस और विद्युत विभाग को दी. इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने मौके का वीडियो भी बना लिया, जिसमें घायल युवक दर्द से कराहते हुए नजर आ रहे हैं. यह वीडियो अब पूरे क्षेत्र के सोशल मीडिया ग्रुप्स पर जमकर वायरल हो रहा है.
ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में पिछले लंबे समय से ट्रांसफार्मर से तेल और कॉपर चोरी करने वाले गैंग सक्रिय हैं, जो किसानों की बिजली सप्लाई ठप कर देते हैं. लेकिन इस बार चोरी का यह प्रयास खुद चोरों की जान पर बन आया.
पुलिस जांच में जुटी, अस्पतालों में तलाश तेज
घटना की सूचना मिलते ही सायरा थाना पुलिस मौके पर पहुँची, लेकिन उससे पहले ही घायल युवकों के साथी या परिजन उन्हें मौके से इलाज के लिए ले जा चुके थे. पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस द्वारा गोगुंदा, सायरा और उदयपुर के अस्पतालों में करंट से झुलसे संदिग्ध युवकों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है ताकि आरोपियों को नामजद कर गिरफ्तार किया जा सके. विद्युत विभाग की ओर से भी इस मामले में राजकार्य में बाधा और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाने की रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है.

