बांसवाड़ा शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद और हैरान कर देने वाली खबर सामने आ रही है. यहां सर्किट हाउस के पीछे स्थित सरकारी वन क्षेत्र में बुधवार शाम को अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि तेज हवाओं के साथ यह पूरे जंगल में फैल गई. इस भयावह अग्निकांड में वन विभाग के बेशकीमती सागवान के सैकड़ों हरे-भरे पेड़ जलकर पूरी तरह खाक हो गए हैं.
सूखी पत्तियों ने किया ‘घी’ का काम, सहम गए लोग
घटना के संबंध में कोतवाली थानाधिकारी बुधाराम बिशनोई ने बताया कि शाम के समय जंगल से अचानक भारी धुआं और आसमान छूती लपटें उठतीं देखी गईं, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. घने जंगल में नीचे गिरी सूखी पत्तियों और तेज हवा के झोंकों ने आग में घी का काम किया. कुछ ही मिनटों में लपटें इतनी ऊंची उठने लगीं कि आस-पास के रहवासी किसी बड़ी अनहोनी की आशंका से सहम गए. आसमान में धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था.
दमकल और पुलिस ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू
जंगल में आग की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत कोतवाली थाना पुलिस और दमकल विभाग को सूचित किया. सूचना पर दमकल की गाड़ियां और पुलिस जाब्ता तुरंत मौके पर पहुंचा. रास्ता सुगम न होने और जंगल घना होने के कारण शुरुआत में दमकल कर्मियों को अंदर तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. लेकिन दमकल की टीमों ने हिम्मत नहीं हारी और लगातार पानी की बौछारें कर कई घंटों के कड़े प्रयास के बाद आखिरकार आग पर पूरी तरह काबू पा लिया.
वन संपदा को भारी नुकसान, जांच जारी
हालांकि, जब तक आग पर नियंत्रण पाया जाता, तब तक वन विभाग की बेशकीमती सागवान की संपदा को भारी नुकसान पहुंच चुका था. सैकड़ों पेड़ जलकर ठूंठ में तब्दील हो गए. फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है. कोतवाली थाना पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम आग लगने के कारणों की बारीकी से जांच कर रही है.

