उदयपुर शहर के कुम्हारों का भट्टा स्थित निजी जेपी ऑर्थोपेडिक हॉस्पिटल में मरीज के इलाज में कथित लापरवाही को लेकर परिजनों और समाज के लोगों ने जमकर हंगामा किया. आक्रोशित भीड़ ने न सिर्फ अस्पताल में तोड़फोड़ की, बल्कि बीच-बचाव करने आए डॉक्टरों के साथ मारपीट भी कर दी. हालात पर काबू पाने के लिए मौके पर भारी पुलिस जाब्ता तैनात करना पड़ा.
नीलगाय के सामने आने से हुआ था हादसा
जानकारी के अनुसार, लसाड़िया के कूण निवासी कुलदीप जैन (50) बाइक से उदयपुर आ रहे थे। इसी दौरान कानोड़ के पास अचानक सामने नीलगाय आ जाने से उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई. हादसे में कुलदीप के दोनों हाथ फ्रैक्चर हो गए, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए जेपी ऑर्थोपेडिक हॉस्पिटल लाया गया.
परिजनों का आरोप- ‘ऑपरेशन के बाद से नहीं आया होश’
मरीज के भाई कमलेश जैन ने डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं. उन्होंने बताया:
“मेरा भाई पैदल चलकर हॉस्पिटल आया था। शाम 4 बजे उसका ऑपरेशन हुआ, लेकिन उसके बाद से उसे होश नहीं आया. जब हमने डॉक्टरों से इसका कारण पूछा, तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला.”
असंतोष के चलते परिजन मरीज को तुरंत दूसरे अस्पताल ले गए और आरोपी डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की.
IMA अध्यक्ष के फटे कपड़े, तीन थानों की पुलिस पहुंची
लापरवाही के आरोपों के बाद अस्पताल में माहौल गरमा गया. उग्र भीड़ ने अस्पताल का मुख्य कांच का गेट तोड़ दिया. इस दौरान समझाइश करने पहुंचे इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के अध्यक्ष डॉ. आनंद गुप्ता के साथ भी बदसलूकी की गई और उनके कपड़े तक फाड़ दिए गए. उन्हें बड़ी मुश्किल से सुरक्षित निकाला गया.

