Headlines

डूंगरपुर: चितरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, स्टंटबाजों की 23 पावर बाइक डिटेन; 4 शराबी चालकों के वाहन भी ज़ब्त

डूंगरपुर जिले की चितरी थाना पुलिस ने सड़क सुरक्षा अभियान के तहत नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ एक बड़ी और सख्त कार्रवाई को अंजाम दिया है. पुलिस ने सड़कों पर हुड़दंग मचाने और तेज रफ्तार में स्टंटबाजी करने वाले युवाओं पर शिकंजा कसते हुए 23 पावर बाइक्स को डिटेन किया है. इसके साथ ही, शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप में चार गाड़ियां भी ज़ब्त की गई हैं. पुलिस की इस मुस्तैदी से क्षेत्र के लापरवाह चालकों में हड़कंप मच गया है.

तेज रफ्तार और जानलेवा स्टंट पर बड़ा एक्शन

चितरी थाने के थानाधिकारी (CI) रतनलाल जटिया ने बताया कि डूंगरपुर पुलिस अधीक्षक के विशेष दिशा-निर्देशों पर पूरे जिले में सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़कों को सुरक्षित बनाना और उन हुड़दंगियों पर लगाम लगाना है जो तेज गति से वाहन चलाकर या खतरनाक बाइक स्टंट करके खुद के साथ-साथ दूसरों की जान भी जोखिम में डालते हैं. इसी क्रम में पुलिस टीम ने नाकेबंदी के दौरान 23 मॉडिफाइड और हाई-स्पीड पावर बाइक्स को चिन्हित कर अपने कब्जे में लिया.

जुर्माना वसूला, शांति भंग में 7 दबोचे

इस विशेष चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने यातायात नियमों का सरेआम उल्लंघन करने वाले कुल 27 वाहन सवारों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की. इन सभी से मौके पर कुल 9,000 रुपए का शमन शुल्क (जुर्माना) भी वसूला गया. वहीं, शराब के नशे में धुत होकर गाड़ी चलाने वालों पर नकेल कसते हुए ‘185 एमवी एक्ट’ के तहत चार अलग-अलग कार्रवाई की गईं और उनके वाहनों को सीज किया गया.

यातायात व्यवस्था सुधारने के साथ-साथ पुलिस ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सार्वजनिक स्थानों पर उपद्रव करने और शांति भंग करने के आरोप में 7 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है.

सीआई रतनलाल जटिया ने क्षेत्र के युवाओं और अभिभावकों से अपील की है कि वे पावर बाइक्स का दुरुपयोग न करें और हमेशा हेलमेट व नियमों का पालन करें. उन्होंने साफ चेतावनी दी है कि स्टंटबाजों और शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ आगे भी यह जीरो-टॉलरेंस अभियान लगातार जारी रहेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *