Headlines

उदयपुर: देबारी में स्कूल के पास चल रही अवैध पटाखा फैक्ट्री पर पुलिस का बड़ा छापा, भारी मात्रा में बारूद जब्त, दो डिटेन

उदयपुर: जयपुर में हाल ही में हुए भीषण पटाखा हादसे के बाद उदयपुर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क मोड पर आ गई है. इसी कड़ी में प्रतापनगर थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए देबारी क्षेत्र में स्कूल के पास बिना अनुमति के संचालित हो रही एक अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में तैयार पटाखे और विस्फोटक सामग्री जब्त की है, साथ ही दो आरोपियों को हिरासत में लिया है.

स्कूल के पास बारूद का ढेर, बड़ा हादसा टला

प्रतापनगर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि देबारी क्षेत्र में एक स्कूल के बिल्कुल नजदीक, घनी आबादी के बीच लघु स्तर पर अवैध रूप से पटाखा निर्माण की इकाई चलाई जा रही है. इस पर पुलिस टीम ने तुरंत योजना बनाकर मौके पर छापेमारी की. पुलिस जब अंदर पहुंची तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गई. बिना किसी सुरक्षा मानकों और वैध लाइसेंस के वहां धड़ल्ले से बारूद का काम किया जा रहा था. स्कूल के पास इस तरह अवैध फैक्ट्री का चलना किसी बड़े खतरे से कम नहीं था.

विस्फोटक सामग्री जब्त, दो आरोपी हिरासत में

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में बने और अधबने पटाखे, बारूद, सल्फर, कोयला और विस्फोटक बनाने के अन्य उपकरण जब्त किए हैं. पुलिस ने मौके से दो संदिग्ध आरोपियों को डिटेन (हिरासत में) किया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह फैक्ट्री कब से चल रही थी और यहां बनने वाले पटाखों की सप्लाई कहां-कहां की जाती थी.

जयपुर हादसे के बाद उदयपुर पुलिस सख्त

गौरतलब है कि जयपुर में हुए हादसे के बाद से ही राज्यभर में अवैध पटाखा निर्माण और भंडारण के खिलाफ सख्त निर्देश जारी किए गए हैं. उदयपुर पुलिस अब जिले के अन्य इलाकों में भी सर्च ऑपरेशन चला रही है ताकि रिहायशी इलाकों में चल रहे ऐसे अवैध और जानलेवा कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके. प्रतापनगर थाना पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *