प्रतापगढ़ जिले में नशे के अवैध कारोबार और तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत जलोदा जागीर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस टीम ने करीब 40 किलो से अधिक अवैध डोडाचूरा परिवहन के मामले में पिछले पांच महीनों से लगातार फरार चल रहे एक शातिर आरोपी को धर दबोचा है. यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के सख्त निर्देशन में की गई है.
चित्तौड़गढ़ का रहने वाला है मुख्य आरोपी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा एवं वृत्ताधिकारी (छोटीसादड़ी) रामेश्वरलाल के मार्गदर्शन में थानाधिकारी रविंद्र पाटीदार के नेतृत्व वाली टीम ने मुखबिर की सूचना पर मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी शम्भुलाल (29) पुत्र मांगीलाल, निवासी नेगड़िया (थाना मंगलवाड़, जिला चित्तौड़गढ़) को गिरफ्तार किया है. आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से दूर चल रहा था.
स्विफ्ट कार से बरामद हुआ था डोडाचूरा
जलोदा जागीर पुलिस के अनुसार, इस साल की शुरुआत में 14 जनवरी 2026 को गश्त के दौरान नाकेबंदी कर एक संदिग्ध स्विफ्ट कार की तलाशी ली गई थी. तलाशी में कार के भीतर से 40 किलो 540 ग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ था. पुलिस ने उसी वक्त मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज किया था.
शम्भुलाल के कहने पर मंगवाई गई थी नशे की खेप
मामले के अनुसंधान के दौरान पुलिस ने डोडाचूरा सप्लाई करने वाले दो अन्य आरोपियों को भी पहले ही जेल भेज दिया था. जब इन आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो बड़ा खुलासा हुआ कि यह पूरी खेप शम्भुलाल के इशारे पर और उसी के कहने पर मंगवाई गई थी. इसके बाद से ही पुलिस लगातार शम्भुलाल के ठिकानों पर दबिश दे रही थी. 5 महीने की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार पुलिस उसे दबोचने में कामयाब रही. फिलहाल पुलिस आरोपी से तस्करी के इस पूरे नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में गहन पूछताछ कर रही है.

