Headlines

प्रतापगढ़: अवैध ईंधन पर रसद विभाग की बड़ी कार्रवाई, होटल पर छापा मार 855 लीटर अवैध पेट्रोलियम और 710 लीटर एथेनॉल जब्त

प्रतापगढ़ जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार प्रतापगढ़ जिले में अवैध पेट्रोलियम पदार्थों के भंडारण और परिवहन के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत जिला रसद विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए एक डाबानुमा होटल से भारी मात्रा में अवैध ईंधन और एथेनॉल जब्त किया है.

गुप्त सूचना पर रसद विभाग की छापेमारी

यह कार्रवाई जिला रसद अधिकारी रामचंद्र शेरावत के नेतृत्व में की गई. मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर प्रवर्तन अधिकारी प्रद्युम्न रावल और छोटीसादड़ी के प्रवर्तन निरीक्षक की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया. टीम ने चिन्हित डाबानुमा होटल पर अचानक छापेमारी की, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया.

चार ड्रमों में भरा अवैध स्टॉक बरामद

होटल परिसर की सघन तलाशी लेने पर पुलिस और रसद विभाग की टीम को वहां छुपाकर रखे गए चार बड़े ड्रम मिले. इन ड्रमों की जांच करने पर उनमें भारी मात्रा में अवैध रूप से संग्रहित किया गया ईंधन पाया गया. टीम ने मौके से कुल 855 लीटर अवैध पेट्रोलियम पदार्थ और 710 लीटर अवैध एथेनॉल बरामद कर उसे तुरंत जब्त कर लिया.

आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज

जिला रसद अधिकारी रामचंद्र शेरावत ने बताया कि इतनी बड़ी मात्रा में बिना किसी वैध लाइसेंस या दस्तावेज के पेट्रोलियम पदार्थों का भंडारण और उपयोग करना पूरी तरह से गैरकानूनी है. इस मामले में संबंधित आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम (Essential Commodities Act) के कड़े प्रावधानों के तहत नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

अवैध कारोबारियों को सख्त चेतावनी

रसद विभाग ने साफ किया है कि जिले में किसी भी तरह के अवैध ईंधन के खेल को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. आम जनता की सुरक्षा और राजस्व को नुकसान पहुंचाने वाली ऐसी अवैध गतिविधियों के विरुद्ध विभाग का यह खोजी और दंडात्मक अभियान आगे भी पूरी कड़ाई से लगातार जारी रहेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *