Headlines

डूंगरपुर: साले और साढ़ू की मारपीट से घायल युवक की मौत: 4 महीने तक चला इलाज, दम तोड़ने से पहले खोला राज

डूंगरपुर जिले के कुंआ थाना क्षेत्र के ढूंढरिया गांव में चार महीने पहले आपसी विवाद में गंभीर रूप से घायल हुए एक युवक की इलाज के दौरान उदयपुर के अस्पताल में मौत हो गई. मृतक युवक के साथ उसके साले और साढ़ू ने बेरहमी से मारपीट की थी, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आई थीं. मौत से कुछ दिन पहले ही युवक को होश आया था, जिसके बाद उसने अपने साथ हुई इस खौफनाक वारदात का राज खोला था.

अहमदाबाद से ससुराल आया था युवक, रास्ते में घेरा

कुंआ थाने की एएसआई मंजुला ने बताया कि ढूंढरिया गांव निवासी राजेश डामोर ने पुलिस में मामला दर्ज कराया है. रिपोर्ट के अनुसार, उसका भाई दिलीप बीती 1 मार्च को अहमदाबाद से कमाकर अपने ससुराल अंबाड़ा आया था. उसी शाम किसी बात को लेकर दिलीप का अपने साले बाबू और साढ़ू प्रकाश के साथ विवाद हो गया. आरोप है कि दोनों ने मिलकर पहले रास्ते में दिलीप को रोका और लात-घूंसों से उसकी जमकर पिटाई की. इसके बाद भी जब उनका मन नहीं भरा, तो उन्होंने ससुराल के भीतर जाकर भी उसके साथ दोबारा मारपीट की.

अस्पतालों के चक्कर काटते रहे परिजन, होश आते ही बयां किया दर्द

हमले में सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण दिलीप बेहोश हो गया था. परिजनों ने उसे तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन हालत में सुधार न होने पर उसे गुजरात के मोडासा और फिर वहां से उदयपुर के महाराणा भूपाल (एमबी) राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया. कई महीनों तक चले इलाज के बाद कुछ दिन पहले जब दिलीप को होश आया, तो उसने अपने भाई और परिवार को साले और साढ़ू की इस करतूत की पूरी जानकारी दी.

गुरुवार को तोड़ा दम, पुलिस जांच में जुटी

लगातार इलाज के बावजूद गुरुवार को दिलीप की तबीयत अचानक ज्यादा बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया. युवक की मौत के बाद कुंआ थाना पुलिस ने शव को डूंगरपुर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस ने हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर नामजद आरोपियों की तलाश और जांच शुरू कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *