Headlines

बांसवाड़ा: BAP नेता अशोक भील की कार पर पथराव, बोले- ‘भाई की हत्या के बाद अब मुझे मारने की साजिश’

बांसवाड़ा भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के टिकट पर घाटोल विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ चुके प्रमुख आदिवासी नेता अशोक भील पर सोमवार रात अज्ञात बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया. खमेरा थाना क्षेत्र के भगोरा का खेड़ा पेट्रोल पंप के पास सूनसान रास्ते पर घात लगाकर बैठे बदमाशों ने उनकी कार पर ताबड़तोड़ पथराव किया, जिससे गाड़ी के शीशे टूट गए. वारदात के बाद पीड़ित ने पुलिस थाने पहुंचकर सुरक्षा की गुहार लगाई है.

अंधेरे का फायदा उठाकर किया हमला

पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, अशोक भील सोमवार रात अपनी कार से घाटोल से अपने पैतृक गांव बोरपी कारेग जा रहे थे. खमेरा से आगे पेट्रोल पंप के पास पहुंचते ही अज्ञात बदमाशों ने उनकी चलती गाड़ी पर पत्थर बरसाना शुरू कर दिया. पथराव से कार का अगला और साइड का शीशा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

अशोक भील ने सूझबूझ और हौसला दिखाते हुए तुरंत गाड़ी रोकी और बदमाशों को पकड़ने के लिए गाड़ी घुमाकर पीछा किया. खुद को घिरता देख हमलावर घबरा गए और अंधेरे का फायदा उठाकर खमेरा कस्बे की ओर भाग निकले.

भाई की हत्या के बाद अब खुद की जान को खतरा

इस मामले में सबसे गंभीर पहलू अशोक भील द्वारा लगाए गए आरोप हैं. उन्होंने इस हमले को एक गहरी राजनीतिक या व्यक्तिगत साजिश करार दिया है.

“महज 3 महीने पहले ही मेरे छोटे भाई अनिल की एक सुनियोजित साजिश के तहत हत्या कर दी गई थी. परिवार अभी उस सदमे से उबरा भी नहीं है और अब मुझे रास्ते से हटाने के लिए यह जानलेवा हमला किया गया है.” – अशोक भील, BAP नेता

पीड़ित नेता ने खमेरा थाने में लिखित रिपोर्ट दर्ज करवाकर अपनी जान को खतरा बताया है और विशेष पुलिस सुरक्षा की मांग की है. साथ ही उन्होंने प्रशासन से मुख्य साजिशकर्ताओं का पर्दाफाश कर सख्त कार्रवाई की मांग की है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *