उदयपुर बॉलीवुड के ‘खिलाड़ी’ यानी अभिनेता अक्षय कुमार एक बार फिर अपने सामाजिक सरोकारों और दरियादिली को लेकर सुर्खियों में हैं. इस बार उन्होंने राजस्थान के जनजातीय क्षेत्र की बेटियों की शिक्षा और उनके सुरक्षित भविष्य के लिए एक बड़ा कदम उठाया है. उदयपुर के हिरण मगरी सेक्टर-11 में बनने वाले ‘श्रीमती अरुणा भाटिया जनजाति कन्या छात्रावास’ के भवन निर्माण का गुरुवार को भूमिपूजन किया गया. इस भव्य छात्रावास के निर्माण के लिए अक्षय कुमार ने 1 करोड़ रुपये की भारी-भरकम आर्थिक सहायता राशि दान की है.

दिवंगत माता की स्मृति में रखा छात्रावास का नाम
यह छात्रावास राजस्थान वनवासी कल्याण परिषद् की देखरेख में तैयार किया जा रहा है. अभिनेता अक्षय कुमार ने इस सेवा कार्य के लिए न केवल वित्तीय मदद दी, बल्कि अपनी पूजनीय माता स्वर्गीय अरुणा भाटिया की स्मृति में इस छात्रावास का नामकरण भी करवाया है. भूमिपूजन समारोह के दौरान वनवासी कल्याण परिषद् के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. थावरचंद डामोर सहित कई गणमान्य पदाधिकारी और समाज के प्रबुद्ध लोग मौजूद रहे.
बेटियों को मिलेगा सुरक्षित माहौल और आधुनिक शिक्षा
कार्यक्रम में परिषद् के पदाधिकारियों ने बताया कि दूर-दराज और ग्रामीण अंचलों से शहर में पढ़ने आने वाली जनजातीय छात्राओं को सुरक्षित आवास और भोजन के लिए काफी संघर्ष करना पड़ता था. यह छात्रावास उनकी इस बड़ी समस्या को पूरी तरह खत्म कर देगा. यहाँ बेटियों को सिर्फ रहने की जगह ही नहीं मिलेगी, बल्कि उन्हें संस्कारयुक्त माहौल, उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा, सांस्कृतिक गतिविधियां और व्यक्तित्व विकास (पर्सनैलिटी डेवलपमेंट) के बेहतरीन अवसर भी दिए जाएंगे.

यह पहली बार नहीं है जब अक्षय कुमार ने इस क्षेत्र के लिए हाथ आगे बढ़ाया है. इससे पहले भी वह सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहे हैं और अपने पिता स्वर्गीय हरिओम भाटिया की स्मृति में खेरवाड़ा क्षेत्र में एक छात्रावास के निर्माण के लिए बड़ा आर्थिक सहयोग दे चुके हैं. अब उनकी माता के नाम पर बनने वाला यह नया छात्रावास मेवाड़ और वागड़ क्षेत्र की जनजातीय बेटियों के सपनों को नई उड़ान देने में मील का पत्थर साबित होगा.

