उदयपुर सोशल मीडिया पर रील्स और लाइक्स बटोरने के चक्कर में युवा अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालने से बाज नहीं आ रहे हैं. झीलों की नगरी उदयपुर से ऐसा ही एक सनसनीखेज वीडियो सामने आया है, जिसने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ा कर रख दी हैं. शिल्पग्राम से फतेहसागर रोड के बीच मुख्य सड़क पर एक कार चालक चलती गाड़ी में ड्राइविंग सीट छोड़कर बगल वाली सीट पर बैठकर स्टंट करता नजर आया. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है.
चलती कार में खाली थी ड्राइविंग सीट, सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक कार तेज रफ्तार में मुख्य सड़क पर दौड़ रही है, लेकिन हैरान करने वाली बात यह थी कि गाड़ी की ड्राइविंग सीट पर कोई मौजूद नहीं था. कार चालक युवक अपनी सीट छोड़कर बगल वाली पैसेंजर सीट पर बड़े आराम से बैठा हुआ था. इस जानलेवा स्टंट का वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर सामने आया, लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. यूजर्स ने उदयपुर पुलिस को टैग करते हुए इस कार चालक के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की.
वीडियो देख हरकत में आई पुलिस, कार चालक ने मांगी माफी

सड़क पर सरेआम कानून का मजाक उड़ाने वाला यह वीडियो जब पुलिस अधिकारियों तक पहुंचा, तो जिला पुलिस तुरंत हरकत में आई. पुलिस ने गाड़ी के नंबर और वीडियो के आधार पर चालक की तलाश शुरू कर दी. पुलिस के बढ़ते दबाव और सख्त कार्रवाई के डर से आरोपी कार चालक खुद पुलिस के सामने पेश हुआ. उसने अपनी इस जानलेवा लापरवाही को स्वीकार करते हुए जनता और पुलिस से लिखित में माफी मांगी.
पुलिस की अपील: रील्स के लिए न खेलें जान से
मामले की जांच कर रही पुलिस टीम ने वाहन चालकों को सख्त चेतावनी दी है. पुलिस ने आम जनता और युवाओं से अपील करते हुए कहा है कि सड़कों पर इस तरह के खतरनाक और जानलेवा स्टंट बिल्कुल न करें. सोशल मीडिया पर चंद लाइक्स पाने के लिए की गई ऐसी छोटी सी लापरवाही भी किसी बड़े और दर्दनाक हादसे का कारण बन सकती है. पुलिस ने साफ किया है कि भविष्य में ऐसे स्टंट करने वालों के खिलाफ भारी जुर्माने के साथ-साथ सीधे जेल भेजने और ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने जैसी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

