बांसवाड़ा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के बांसवाड़ा दौरे का गुरुवार को दूसरा दिन भारी सियासी और प्रशासनिक हलचल वाला रहा। बुधवार रात कुशलगढ़ क्षेत्र के चुड़ादा गांव में रात्रि चौपाल करने के बाद, सीएम गुरुवार सुबह पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आए. उन्होंने सुबह गांव का भ्रमण कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और समस्याएं सुनीं. इसके बाद वे सीधे जिला मुख्यालय स्थित सर्किट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मैराथन मुलाकात की.
बंद कमरे में विधानसभा वार ‘मंथन’, कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र
सर्किट हाउस पहुंचते ही मुख्यमंत्री पूरी तरह से संगठनात्मक मोड में दिखे. उन्होंने गुटबाजी को दरकिनार कर कार्यकर्ताओं को एकजुट होने का संदेश दिया. सीएम ने बंद कमरे में विधानसभा वार फीडबैक लिया. एक कमरे में गढ़ी, घाटोल और बागीदौरा विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की संयुक्त बैठक हुई, तो वहीं दूसरे कमरे में बांसवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारियों के साथ अलग से चर्चा की गई. सीएम ने साफ शब्दों में कहा कि आपसी मतभेद भुलाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं. बंद कमरे की इस कसरत को आगामी राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है.
कलेक्ट्रेट में समीक्षा बैठक, लापरवाही पर गिर सकती है गाज
संगठन की नब्ज टटोलने के बाद मुख्यमंत्री का काफिला सीधे जिला कलेक्ट्रेट पहुंचा. कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम जिले के आला प्रशासनिक अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक ले रहे हैं. बैठक में जिले के विकास कार्यों, पानी-बिजली की स्थिति और बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों से सीधा जवाब-तलब किया जा रहा है. सूत्रों के मुताबिक, काम में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर गाज भी गिर सकती है.
बांसवाड़ा में प्रशासनिक अमले की क्लास लगाने और विकास कार्यों की समीक्षा पूरी करने के बाद मुख्यमंत्री का यह दौरा संपन्न होगा. इसके तुरंत बाद सीएम भजनलाल शर्मा का पड़ोसी जिले डूंगरपुर पहुंचने का कार्यक्रम है, जिसे लेकर वहां भी प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं.

