Headlines

उदयपुर: झाड़ोल में जमीन विवाद को लेकर खूनी संघर्ष, धारदार हथियारों से हमले में 2 बुजुर्ग दंपतियों सहित 6 घायल, एक रेफर

उदयपुर जिले के झाड़ोल थाना क्षेत्र से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है. क्षेत्र के गोराणा गांव में जमीन के पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया. दोनों परिवारों के लोग इस कदर आमने-सामने हुए कि एक-दूसरे पर लाठियों और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के कुल 6 लोग लहूलुहान हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया.

लाठी और हथियारों से हमला, इलाके में मची अफरा-तफरी

जानकारी के अनुसार, गोराणा गांव में दो परिवारों के बीच जमीन के एक टुकड़े को लेकर लंबे समय से खींचतान चल रही थी. बुधवार को यह विवाद अचानक इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग तैश में आ गए. देखते ही देखते दोनों ओर से लाठियां और धारदार हथियार निकल आए. इस खूनी संघर्ष में दो बुजुर्ग दंपतियों सहित कुल 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. अचानक हुई इस हिंसक घटना से पूरे गांव और इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया.

पुलिस ने संभाला मोर्चा, गंभीर घायल उदयपुर रेफर

घटना की सूचना मिलते ही झाड़ोल थाना पुलिस तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया. पुलिस ने सभी घायलों को तुरंत झाड़ोल उपजिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां 4 घायलों का उपचार जारी है. वहीं, एक घायल की हालत बेहद नाजुक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर कर दिया गया है.

पहले भी थाने पहुंच चुका है मामला, जांच शुरू

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच इस जमीन को लेकर पहले भी कई बार कहासुनी और झगड़ा हो चुका है. पूर्व में दोनों ही पक्षों द्वारा झाड़ोल थाने में एक-दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कराई जा चुकी थी, लेकिन विवाद का स्थाई समाधान नहीं होने से यह खूनी खेल खेला गया. फिलहाल, झाड़ोल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना के कारणों और दोषियों की तलाश में गहनता से जांच शुरू कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *