Headlines

उदयपुर: छत पर सोया परिवार, पीछे से चोरों ने पार किए 15 लाख के जेवरात और नकदी, खेत में ले जाकर तोड़े पेटियों के ताले

उदयपुर मावली उपखंड क्षेत्र के मंडप गांव में मंगलवार रात चोरों ने एक सूने पड़े मकान को निशाना बनाते हुए करीब 15 लाख रुपए से अधिक की बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया. शातिर चोर घर के अंदर रखी जेवरात व नकदी से भरी पेटियों को उठाकर करीब 100 मीटर दूर खेत में ले गए और वहां ताले तोड़कर माल साफ कर दिया. पीड़ित परिवार उस वक्त भीषण गर्मी के कारण मकान की छत पर सोया हुआ था.

बाड़े में लगी आग, बुझाकर छत पर सो गया परिवार

जानकारी के अनुसार, यह सनसनीखेज वारदात मंडप गांव निवासी हीरालाल गायरी के घर पर हुई. हीरालाल ने बताया कि मंगलवार रात करीब 12 बजे उनके घर से कुछ दूरी पर एक बाड़े में अचानक आग लग गई थी. आग बुझाने के लिए परिवार के सभी सदस्य और ग्रामीण वहां चले गए. करीब दो घंटे की भारी मशक्कत के बाद जब आग पर काबू पाया गया, तो थक-हारकर परिवार वापस घर लौटा और भीषण गर्मी होने के कारण सभी लोग मकान की छत पर सोने चले गए.

खेत में ले गए पेटियां, आधा किलो चांदी और सोने के आभूषण पार

चोरों ने इसी बात का फायदा उठाया. जब सुबह परिवार के सदस्य नीचे आए, तो उनके होश उड़ गए. घर का ताला टूटा हुआ था और सारा सामान बिखरा पड़ा था. चोर कमरे का ताला तोड़कर जेवरात और नकदी से भरी पेटियों को घर से 100 मीटर दूर एक खेत में ले गए. वहां इत्मीनान से पेटियों के ताले तोड़कर चोर सोने के कीमती आभूषण, आधा किलो चांदी के कड़े व अंगूठियां और एक लाख रुपए की नकदी समेट कर रफूचक्कर हो गए.

मंदिर में भी किया चोरी का प्रयास, पुलिस जांच में जुटी

पीड़ित ने बताया कि चोरों ने घर की अलमारी और कपड़ों को पूरी तरह खंगाल डाला. इसके अलावा चोरों ने इसी रात गांव के एक स्थानीय मंदिर के भी ताले तोड़े और वहां भी चोरी का प्रयास किया, लेकिन वे नाकाम रहे. घटना की सूचना मिलने पर मावली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया. पीड़ित परिवार की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अज्ञात चोरों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *