उदयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-48 (NH-48) के सर्विस रोड पर चोराया गांव में मंगलवार देर रात एक भीषण और दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. यहां अपने मासूम बच्चे के लिए दुकान से दूध की थैली लेकर पैदल घर लौट रहे 21 वर्षीय युवक को एक तेज रफ्तार बाइक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक उछलकर सामने से आ रही कार से टकरा गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. घटना के बाद दोनों वाहन चालक मौके से फरार हो गए.
देर रात दुकान से दूध लेकर लौट रहा था युवक, पीछे से मारी टक्कर
ऋषभदेव थाना पुलिस को दी रिपोर्ट में चोराया गांव निवासी शारदा मीणा ने बताया कि 19 मई की रात करीब 1 बजे उनके पति विशाल मीणा (21) पुत्र कल्याणजी मीणा गांव में ही स्थित एक दुकान से बच्चे के लिए दूध की थैली लेने गए थे. दूध लेकर जब वे पैदल एनएच-48 सर्विस रोड से होते हुए वापस घर लौट रहे थे, तभी पीछे से आए मोटरसाइकिल चालक हीरालाल पुत्र हरजी मीणा निवासी चोराया ने तेज गति और लापरवाही से बाइक चलाते हुए विशाल को पीछे से टक्कर मार दी.
उछलकर कार से टकराया, खून से लथपथ हालत में मिला शव
मोटरसाइकिल की जोरदार भिड़ंत के कारण विशाल हवा में उछल गया और उसी समय सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार से जा टकराया. कार से टकराने के बाद विशाल गंभीर रूप से जख्मी होकर सड़क पर गिर पड़ा. हाईवे के पास ही घर होने के कारण धमाके की आवाज सुनकर पत्नी शारदा तुरंत मौके पर पहुंची, जहां उसने अपने पति को खून से लथपथ हालत में पड़े देखा.
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया , पुलिस जांच में जुटी
आरोप है कि हादसे के बाद मानवता को शर्मसार करते हुए बाइक चालक हीरालाल और अज्ञात कार चालक घायल तड़पते विशाल की मदद करने के बजाय मौके से वाहन सहित फरार हो गए. परिजन तुरंत विशाल को लेकर सरकारी अस्पताल ऋषभदेव पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है. पीड़ित पत्नी की रिपोर्ट पर पुलिस ने फरार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है.

