Headlines

डूंगरपुर: दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे सीएम भजनलाल शर्मा का भव्य स्वागत, आदिवासी लोकगीतों पर थिरके सांसद, कार्यकर्ताओं ने पहनाया चांदी का कड़ा

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा अपने दो दिवसीय दौरे पर डूंगरपुर जिले में पहुंच चुके हैं. सीएम के आगमन को लेकर डूंगरपुर में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम जनता में भारी उत्साह देखा गया. शहर के प्रवेश द्वार तीजवाड़ मोड़ पर मुख्यमंत्री का पारंपरिक और ऐतिहासिक स्वागत किया गया. इस दौरान पूरा माहौल वागड़ की अनूठी संस्कृति के रंग में रंगा नजर आया.

आदिवासी लोकगीतों पर थिरके उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत

मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए भाजपा कार्यकर्ता सुबह से ही तीजवाड़ मोड़ पर डटे हुए थे. इसी बीच उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत भी डूंगरपुर पहुंचे. स्वागत की तैयारियों के बीच जैसे ही आदिवासी लोकगीत गूंजे, सांसद रावत खुद को रोक नहीं पाए और उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ पारंपरिक नृत्य करते हुए जमकर थिरके. सांसद को इस अंदाज में नाचते देख वहां मौजूद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और कार्यकर्ताओं का उत्साह भी दोगुना हो गया.

परंपरा अनुसार पहनाया चांदी का कड़ा

तीजवाड़ मार्ग पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के पहुंचते ही ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के साथ उनका स्वागत किया गया. यहां कार्यकर्ताओं ने वागड़ की आदिवासी परंपरा के अनुसार मुख्यमंत्री को सम्मान स्वरूप हाथों में चांदी का कड़ा पहनाया. मुख्यमंत्री ने भी कार्यकर्ताओं का मान रखते हुए खुशी-खुशी चांदी का कड़ा स्वीकार किया. इसके बाद सीएम गाड़ी से उतरकर पैदल चलने लगे और कतारबद्ध खड़े कार्यकर्ताओं का हाथ जोड़कर और मालाएं स्वीकार कर अभिवादन किया.

कलेक्ट्रेट में अफसरों की बैठक, धंबोला में होगी रात्रि चौपाल

तीजवाड़ मोड़ पर भव्य स्वागत के बाद मुख्यमंत्री का काफिला सीधे शहर के कलेक्ट्री मार्ग स्थित जिला कलेक्ट्रेट पहुंचा. कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री जिले के आला प्रशासनिक अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक ले रहे हैं, जिसमें विकास कार्यों और बजट घोषणाओं की समीक्षा की जा रही है. इसके बाद, मुख्यमंत्री चौरासी विधानसभा क्षेत्र के धंबोला गांव के लिए रवाना होंगे, जहां वे आयोजित ‘रात्रि चौपाल’ में ग्रामीणों से सीधे रूबरू होकर उनकी समस्याएं सुनेंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *