Headlines

उदयपुर: शामलाती जमीन पर मजार बनाने को लेकर खूनी खेल, बड़े भाई ने साथी के साथ मिलकर परिवार पर किया धारदार हथियार से हमला, मां सहित 4 घायल

उदयपुर जिले के गोगुंदा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां के कठार ग्राम पंचायत स्थित कुंडाल गांव में शामलाती (संयुक्त) जमीन पर मजार बनाने की बात को लेकर एक ही परिवार के लोग आपस में भिड़ गए. विवाद इतना बढ़ा कि बड़े भाई ने अपने एक साथी के साथ मिलकर सगे भाइयों, भतीजे और बूढ़ी मां पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया. इस खूनी संघर्ष में मां सहित परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.

मजार बनाने की बात पर उपजा विवाद, अपनों पर ही फेरा हथियार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुंडाल गांव में एक ही परिवार के सदस्यों के बीच शामलाती जमीन को लेकर लंबे समय से खींचतान चल रही थी. विवाद तब और गहरा गया जब संयुक्त जमीन पर मजार बनाने की कोशिश की गई. इसी बात से आक्रोशित होकर बड़े भाई रूपा गमेती ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर अचानक परिवार पर हमला बोल दिया. आरोपियों ने लाठी और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई.

मां, दो भाई और भतीजा लहूलुहान, वारदात के बाद आरोपी फरार

इस अचानक हुए हमले में आरोपी रूपा गमेती का सगा भाई भोलाराम, अंबालाल, भतीजा प्रेम गमेती और बीच-बचाव करने आई उनकी बुजुर्ग मां भंवरी बाई गंभीर रूप से घायल हो गए. चारों पीड़ित लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रूपा गमेती और उसका साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए. ग्रामीण तुरंत घायलों की मदद के लिए आगे आए और पुलिस को सूचना दी.

पुलिस ने संभाला मोर्चा, अस्पताल में भर्ती

घटना की सूचना मिलते ही ईसवाल चौकी के एएसआई भरत सिंह मय जाब्ते के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे. पुलिस ने बिना वक्त गंवाए सभी घायलों को तुरंत गोगुंदा राजकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार कर भर्ती किया गया है. गोगुंदा थाना पुलिस ने पीड़ितों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस ने फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर उनकी सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *