Headlines

उदयपुर: सायरा के विसमा गांव में पशु बाड़े में लगी भीषण आग, झुलसने से एक गाय और 4 बछड़ों की दर्दनाक मौत, बाइक व घास जलकर खाक

उदयपुर गोगुंदा उपखंड के सायरा थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और नुकसानदेह खबर सामने आई है. क्षेत्र के विसमा गांव में बुधवार देर रात एक पशु बाड़े में अज्ञात कारणों के चलते भीषण आग लग गई. इस दर्दनाक हादसे में बाड़े के अंदर बंधे पांच मवेशियों (एक गाय और चार बछड़ों) की जिंदा झुलसने से मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, बाड़े में रखी एक मोटरसाइकिल और करीब 1 हजार घास की पुलिया भी जलकर पूरी तरह खाक हो गई. इस घटना से गरीब किसान को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है.

देर रात भड़की आग, सुबह दूध निकालने पहुंचे किसान को लगी भनक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विसमा गांव निवासी किसान जालम सिंह के पशु बाड़े में यह हादसा देर रात करीब 12 बजे के आसपास हुआ. रात के समय पूरा परिवार घर में सोया हुआ था, जिसके चलते किसी को आग लगने का पता नहीं चल पाया. सुबह जब जालम सिंह हमेशा की तरह मवेशियों का दूध निकालने बाड़े में पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. बाड़ा पूरी तरह से जल चुका था और उनके पालतू मवेशी मृत अवस्था में पड़े थे.

किसान को हुआ भारी नुकसान, मौके पर पहुंचे अधिकारी

इस भीषण अग्निकांड में जालम सिंह की आजीविका का सहारा एक दुधारू गाय और चार छोटे बछड़े काल का ग्रास बन गए. इसके अलावा बाड़े में खड़ी बाइक और सालभर के चारे के लिए इकट्ठा की गई 1 हजार घास की पुलिया भी राख के ढेर में तब्दील हो गई. घटना की सूचना मिलते ही सायरा थानाधिकारी कानाराम सीरवी तुरंत पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया.

पटवारी ने बनाई रिपोर्ट, मवेशियों का हुआ पोस्टमार्टम

प्रशासनिक अमले से स्थानीय पटवारी दिग्विजय सिंह ने भी तुरंत मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया और पीड़ित किसान को मुआवजा दिलाने के लिए मौका मुआयना कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की. वहीं, सूचना पर पहुंचे पशु चिकित्सक ने मृत मवेशियों का मौके पर ही पोस्टमार्टम करवाया. सायरा थाना पुलिस ने पीड़ित किसान की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आग लगने के कारणों की गहनता से जांच शुरू कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *