Headlines

बांसवाड़ा: अनियंत्रित कार को बचाने के प्रयास में लोधा तालाब में गिरा पेपर रोल से भरा ट्रक, चालक और साथी सुरक्षित

बांसवाड़ा जिले के राज तालाब थाना क्षेत्र स्थित लोधा तालाब के पास शुक्रवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. मध्य प्रदेश से गुजरात जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रक सामने से आ रही कार को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर सीधे तालाब में जा गिरा. गनीमत यह रही कि इस भयानक दुर्घटना में ट्रक चालक और उसका साथी बाल-बाल बच गए.

जानकारी के अनुसार, ट्रक मध्य प्रदेश के नागदा से पेपर रोल भरकर गुजरात के मेहसाणा की ओर जा रहा था. शुक्रवार रात करीब 12 बजे जब ट्रक लोधा तालाब के पास से गुजर रहा था, तभी अचानक उसके सामने एक स्विफ्ट कार आ गई.

कार को बचाने के चक्कर में बिगड़ा संतुलन

ट्रक चालक अजय ने बताया कि कार सवारों को सीधी टक्कर से बचाने के लिए उसने तुरंत गाड़ी को सड़क किनारे मोड़ने की कोशिश की। इस दौरान वाहन से नियंत्रण छूट गया और भारी-भरकम ट्रक सीधे तालाब में जा पलटा. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन चालक अजय और उसके साथी मेहुल ने हिम्मत दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकलने में सफलता पाई. दोनों को किसी प्रकार की गंभीर चोट नहीं आई है.

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही राज तालाब थाने के एएसआई मदनलाल पुलिस जाब्ते के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और घटना के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाई. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को तालाब से बाहर निकालने के प्रयास जारी हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *