बांसवाड़ा सदर थाना क्षेत्र के जानामेडी के पास शुक्रवार शाम एक अनियंत्रित ऑटो पलटने से दर्दनाक हादसा हो गया. बेटी को महिला पर्यवेक्षक भर्ती परीक्षा दिलाकर घर लौट रहे पिता की इस हादसे में असमय मौत हो गई, जबकि बेटी को हल्की चोटें आई हैं.
पुलिस के अनुसार, प्रतापगढ़ जिले के छोटी सादड़ी (सेमरथली) निवासी अम्बालाल (47) पुत्र सवराम प्रजापत अपनी बेटी माया को महिला पर्यवेक्षक भर्ती परीक्षा दिलाने बांसवाड़ा आए थे. परीक्षा केंद्र लियो कॉलेज में परीक्षा समाप्त होने के बाद पिता-पुत्री ऑटो में सवार होकर वापस अपने घर लौटने के लिए निकले थे.

जानामेडी के पास हुआ हादसा
वापसी के दौरान जानामेडी के पास ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसा इतना भीषण था कि अम्बालाल गंभीर रूप से घायल हो गए. मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद अम्बालाल को मृत घोषित कर दिया. वहीं, उनकी बेटी माया को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई.
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. एएसआई दशरथ सिंह ने बताया कि मृतक के शव को महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है. पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है.

