Headlines

उदयपुर: पिछोला झील किनारे होटल की दूसरी मंजिल से गिरकर 2 वर्षीय बच्ची की मौत

उदयपुर में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। पिछोला झील किनारे स्थित जगत निवास पैलेस होटल की दूसरी मंजिल की खिड़की से गिरकर दिल्ली से आई दो वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई. घटना के बाद होटल की सुरक्षा व्यवस्था और भवन निर्माण की बनावट को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.

पुलिस के अनुसार, दिल्ली निवासी सोनू सिंह तोमर अपनी पत्नी और दो वर्षीय बेटी के साथ उदयपुर घूमने आए थे और जगत निवास पैलेस में ठहरे हुए थे. शनिवार सुबह करीब 8 बजे पूरा परिवार होटल के सेकंड फ्लोर पर स्थित रेस्टोरेंट में नाश्ता कर रहा था. उसी दौरान बच्ची अचानक खिड़की की तरफ चली गई और संतुलन बिगड़ने से सीधे नीचे पिछोला झील में जा गिरी.

अस्पताल पहुंचने से पहले थमीं सांसें

घटना के तुरंत बाद होटल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों और स्टाफ ने तुरंत बच्ची को झील से बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

पुलिस जांच

सूचना मिलने पर घंटाघर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया. एएसआई ईशाक मोहम्मद ने बताया कि पिता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है. प्रारंभिक तौर पर यह एक हादसा नजर आ रहा है और किसी प्रकार की संदिग्ध बात सामने नहीं आई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *