बांसवाड़ा: सोमवार सुबह बोरीपी गांव के पास दो बाइकों के बीच हुई भीषण भिड़ंत में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल को पहले बांसवाड़ा और फिर उदयपुर रेफर किया गया, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था; उदयपुर ले जाते समय रास्ते में ही युवक की मौत हो गई.
सामान खरीदने के लिए निकला था घर से
पीपलखूंट थाने के हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार ने बताया कि मृतक की शिनाख्त महावीर उर्फ मालविया (पिता लक्ष्मण निनामा) निवासी दाता के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 8 बजे महावीर अपने घर से कुछ घरेलू सामान खरीदने के लिए केलमेला जा रहा था. जैसे ही वह बोरीपी-नलापाड़ा मार्ग पर पहुँचा, सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी.
उदयपुर रेफर के दौरान रास्ते में हुई मौत
हादसा इतना जबरदस्त था कि टक्कर के बाद महावीर सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गया. मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस को सूचना दी. घायल को तुरंत महात्मा गांधी अस्पताल, बांसवाड़ा ले जाया गया. वहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद महावीर की नाजुक हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर कर दिया. परिजन उसे लेकर उदयपुर जा ही रहे थे कि रास्ते में उसकी सांसें थम गईं.
पुलिस जांच में जुटी
मंगलवार को पुलिस ने शव को महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया. परिजनों की मौजूदगी और उनकी रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सुपुर्द कर दिया है. पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और दूसरी बाइक सवार की तलाश व मामले की जांच शुरू कर दी है.

