Headlines

बांसवाड़ा: गुजरात से किराने की आड़ में हो रही थी पेट्रोल-डीजल की तस्करी, ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत 1200 लीटर ईंधन जब्त, 2 गिरफ्तार

बांसवाड़ा जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी के निर्देशन में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाई जा रही ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ मुहिम के तहत आनंदपुरी थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (DST) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने किराने के सामान की आड़ में गुजरात से राजस्थान में तस्करी कर लाया जा रहा कुल 1200 लीटर अवैध ईंधन जब्त किया है. इस मामले में पुलिस ने एक लोडिंग टेम्पो को जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की नाकाबंदी

पुलिस के अनुसार, आनंदपुरी थाना पुलिस और डीएसटी की टीम गश्त पर थी. इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि गुजरात के फतेहपुरा की तरफ से एक लोडिंग टेम्पो में भारी मात्रा में अवैध पेट्रोल और डीजल लाया जा रहा है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तुरंत नाकाबंदी की और संदिग्ध टेम्पो को रुकवाया.

किराने के सामान के नीचे छिपाया था ईंधन

शुरुआती पूछताछ में वाहन चालक और उसके साथी ने टेम्पो में रखे सामान के बारे में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया. पुलिस को शक होने पर जब टेम्पो की सघन तलाशी ली गई, तो अधिकारी भी हैरान रह गए। ऊपर से सामान्य दिखने वाले किराने के सामान के नीचे छिपाकर रखे ड्रमों में 900 लीटर पेट्रोल और 300 लीटर डीजल भरा हुआ था. वैध दस्तावेज न होने पर पुलिस ने तुरंत अवैध ईंधन और लोडिंग टेम्पो को जब्त कर लिया.

दो आरोपी गिरफ्तार, रसद विभाग को दी सूचना

इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान शेरगढ़ (आनंदपुरी, बांसवाड़ा) निवासी वाहन चालक परतू पिता रतन गरासिया पारगी और जगपुरा शेरगढ़ निवासी नरसिंह पिता कालू पारगी के रूप में हुई है. पुलिस ने जब्त डीजल और पेट्रोल के संबंध में आगामी कानूनी कार्रवाई के लिए जिला रसद अधिकारी (DSO) को सूचित कर दिया है.

इस बड़ी कार्रवाई को आनंदपुरी थानाधिकारी और डीएसटी शाखा प्रभारी भंवरलाल के नेतृत्व में अंजाम दिया गया. टीम में हेड कांस्टेबल विश्वराज चौबीसा, कांस्टेबल दिनेश कुमार, जगपाल सिंह, गुणवीर सिंह, जितेंद्र बुनकर और श्रवण कुमार की मुख्य भूमिका रही.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *