Headlines

बांसवाड़ा: जमीनी विवाद में खूनी खेल, रिश्तेदार ने बुजुर्ग के पेट में चाकू घोंपकर की हत्या; 8 के खिलाफ मामला दर्ज

बांसवाड़ा। जिले के अंबापुरा थाना क्षेत्र के अंबापाड़ा गांव में आपसी रंजिश और जमीन के विवाद ने एक भयानक रूप ले लिया. यहाँ एक युवक ने अपने ही बुजुर्ग रिश्तेदार पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया. इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है.

शराब के नशे में चाकू से किया हमला

अंबापुरा थानाधिकारी निर्भय सिंह ने बताया कि यह वारदात मंगलवार रात करीब 8:45 बजे की है. मृतक नरेंद्र कुमार (70) और मुख्य आरोपी कमलेश पटेल आपस में करीबी रिश्तेदार हैं. आरोपी कमलेश की बहन की शादी मृतक के बेटे से हुई थी.

पुलिस के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा था. मंगलवार रात आरोपी कमलेश शराब के नशे में नरेंद्र कुमार के पास पहुँचा और विवाद शुरू कर दिया. देखते ही देखते आरोपी ने चाकू निकाला और बुजुर्ग के पेट पर एक के बाद एक कई वार कर दिए, जिससे वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े.

निजी अस्पताल में उपचार के दौरान हुई मौत

परिजन गंभीर रूप से घायल नरेंद्र कुमार को तुरंत बदरेल अस्पताल ले गए, जहाँ से उन्हें महात्मा गांधी अस्पताल रेफर किया गया. इसके बाद परिजनों ने उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया. डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद, बुधवार अलसुबह करीब 5 बजे बुजुर्ग ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया.

बेटे की रिपोर्ट पर 8 लोगों के खिलाफ FIR

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्यवाही शुरू की. मृतक के बेटे बंसीलाल की रिपोर्ट पर अंबापुरा थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी कमलेश सहित 8 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है.

थानाधिकारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं. पुलिस संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दे रही है और दावा किया है कि जल्द ही सभी आरोपी सलाखों के पीछे होंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *